सलूंबर में नकली घी की आशंका पर 15 किलो घी जब्त, 5 नमूने जांच के लिए भेजे

 | 
Salumber News

 

Udaipur Times, Salumber News: 22 जुलाई 2026। राज्य सरकार के "शुद्ध आहार, मिलावट पर वार" अभियान के तहत आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण, राजस्थान जयपुर टी. शुभ मंगला के निर्देशानुसार तथा जिला कलेक्टर मोहम्मद जुनैद पी.पी. एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार के निर्देशन में ऋतु परिवर्तन को देखते हुए जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता जांच के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने सेरिया कस्बे में विभिन्न डेयरियों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मैसर्स एच.डी. डेयरी एवं नमकीन पार्लर पर अनियमितताएं पाई गईं। मौके पर वनस्पति के डिब्बे, सोयाबीन तेल के खाली डिब्बे, घी बनाने में प्रयुक्त भट्टी, कड़ाही सहित अन्य सामग्री संदिग्ध अवस्था में मिली। इस पर विक्रेता से पूछताछ की गई।

नकली घी तैयार किए जाने की आशंका के आधार पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई करते हुए बिक्री के लिए रखे 15 किलोग्राम घी को जब्त कर उसका नमूना जांच के लिए लिया। इसी प्रतिष्ठान से दूध का भी एक नमूना लिया गया।

इसके अतिरिक्त मातेश्वरी दूध डेयरी, पटेल केवलाल डेयरी (बड़ावली) तथा जय सांवरिया डेयरी, दाल चौराहा से भी दूध के नमूने लिए गए। इस प्रकार कुल 5 नमूने (1 घी एवं 4 दूध) जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार संबंधित फर्मों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

अभिहित अधिकारी (खाद्य सुरक्षा) एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार परमार ने बताया कि ऋतु परिवर्तन के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलेभर में निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध अधिनियम के प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से खाद्य अनुज्ञा पत्र (लाइसेंस) बनवाकर प्रतिष्ठान पर प्रदर्शित करने, खाद्य सामग्री को खुले में विक्रय नहीं करने तथा उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करने की अपील की।

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी घनश्याम सिंह सोलंकी के साथ प्रशिक्षु राकेश पुष्करणा एवं निशा मीना उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News