420 किलोग्राम सिंथेटिक मावा जब्त
डी.एस.टी. व थाना धानमंडी की संयुक्त कार्रवाई
उदयपुर 3 जुलाई 2025। ज़िला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देशन में मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी। डी.एस.टी. (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) और थाना धानमंडी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मावा दुकानों से लगभग 420 किलोग्राम सिंथेटिक मावा जब्त किया।
यह संयुक्त कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा व डिप्टी एसपी नगर पश्चिम कैलाश चन्द बोरीवाल के सुपरविजन में की गई। प्रभारी डी.एस.टी. निरीक्षक श्याम सिंह रत्नू और उनकी टीम ने धानमंडी पुलिस के साथ मिलकर धर्मराज मावा, बीकानेर मावा और लक्ष्मी मावा दुकानों पर छापा मारा।
मौके पर ज़िला आपूर्ति अधिकारी (DSO) को बुलाया गया और जब्त मावे के नमूने लिए गए। प्रारंभिक जांच में यह खुलासा हुआ है कि यह मिलावटी सिंथेटिक मावा धौलपुर से लाया गया था।
पुलिस अब इस सिंडिकेट में शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है। मामले में आगे की जांच एवं कानूनी कार्यवाही जारी है। प्रशासन ने खाद्य सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए इस प्रकार की कार्रवाइयों को और तेज करने का संकेत दिया है।