विश्व महिला दिवस पर GMCH उदयपुर में स्तन कैंसर पर राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस
देशभर के 200 से अधिक विशेषज्ञ करेंगे मंथन
ब्रेस्ट कैंसर फाउंडेशन इंडिया की 26वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस पहली बार राजस्थान मे
उदयपुर 7 मार्च 2026। विश्व महिला दिवस के उपलक्ष्य में 7 और 8 मार्च को गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में स्तन कैंसर पर दो दिवसीय राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जा रहा है। यह कॉन्फ्रेंस ब्रेस्ट कैंसर फाउंडेशन इंडिया के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इस सम्मेलन में राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 200 से अधिक डॉक्टर स्तन कैंसर से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करेंगे और आम जनता व महिलाओं को इसके प्रति जागरूक करेंगे।
कॉन्फ्रेंस के दौरान स्तन कैंसर के इलाज से जुड़े कैंसर विशेषज्ञ, सर्जन और अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों के एक दिवसीय वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में स्तन कैंसर की रोकथाम, अर्ली डायग्नोसिस, स्क्रीनिंग और आधुनिक उपचार पद्धतियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही एडवांस्ड ट्रीटमेंट और नवीनतम तकनीकों के उपयोग से मरीजों को बेहतर उपचार कैसे मिल सकता है, इस पर भी विशेषज्ञ अपने अनुभव साझा करेंगे।
विश्व महिला दिवस के अवसर पर आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में कैंसर विशेषज्ञ महिलाओं और आम जनता को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करेंगे, उनके सवालों के जवाब देंगे तथा स्क्रीनिंग, अर्ली डायग्नोसिस और उपचार से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करने का प्रयास करेंगे।
इस कॉन्फ्रेंस का आयोजन गीतांजली कैंसर सेंटर द्वारा किया जा रहा है। इसके ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार व्यास, ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. रमेश पुरोहित, जॉइंट ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. आशीष जाखेटिया, डॉ. अंकित अग्रवाल और डॉ. अजय कुमार यादव, ट्रेजरर डॉ. शशांक हैं।
कॉन्फ्रेंस में उदयपुर संभाग, राजस्थान के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अहमदाबाद, मुंबई, बैंगलोर, पटना, अमृतसर, राजकोट और नई दिल्ली से कैंसर विशेषज्ञ भाग लेंगे। इस दौरान पद्मश्री डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह, डॉ. जे.डी. पटेल और डॉ. गरिमा मेहता अपने तीन दशक से अधिक के अनुभव साझा करेंगे।
विशेषज्ञों के अनुसार स्तन कैंसर महिलाओं में पाया जाने वाला सबसे आम कैंसर है और भारत में इसके मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। विशेष रूप से शहरी महिलाओं में इसकी दर तेजी से बढ़ रही है। कॉन्फ्रेंस में इसके कारणों, बचाव के उपायों और समय पर पहचान के महत्व पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि महिलाएं शुरुआती चरण में ही जांच करवाकर इस बीमारी से पूरी तरह ठीक हो सकें।
यह कॉन्फ्रेंस ब्रेस्ट कैंसर फाउंडेशन इंडिया की 26वीं वार्षिक कॉन्फ्रेंस है, जो हर वर्ष विश्व महिला दिवस के अवसर पर आयोजित की जाती है। इस बार इसे पहली बार राजस्थान के उदयपुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के दौरान 300 से अधिक महिलाओं को स्तन कैंसर के बारे में जागरूक किया जाएगा।
गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल ने कहा कि स्तन कैंसर की समय पर पहचान और सही उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। गीतांजली कैंसर सेंटर का उद्देश्य विशेषज्ञों के अनुभव और नवीनतम तकनीकों के माध्यम से महिलाओं को बेहतर उपचार और जागरूकता प्रदान करना है।
#BreastCancerAwareness #InternationalWomensDay #WomenHealth #CancerAwareness #BreastCancerConference #OncologyIndia #HealthcareIndia #UdaipurNews #UdaipurHealth #RajasthanNews #RajasthanHealthcare #GMCHUdaipur
To join us on Facebook Click Here and Subscribe to UdaipurTimes Broadcast channels on GoogleNews | Telegram | Signal
