गीतांजली हॉस्पिटल द्वारा कैंसर जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम

गीतांजली हॉस्पिटल एवं महाराणा प्रताप वरिष्ठ नागरिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कैंसर जागरूकता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का हुआ आयोजन

 | 
GMCH

उदयपुर 10 मार्च 2026। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च 2026 को गीतांजली हॉस्पिटल एवं महाराणा प्रताप वरिष्ठ नागरिक संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में “कैंसर अवेयरनेस एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रजनी जोशी द्वारा सरस्वती वंदना से हुई।

इस अवसर पर गीतांजली हॉस्पिटल एवं मेडिकल यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. आर. के. व्यास ने अपने स्वागत उद्बोधन में कैंसर जागरूकता पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता और नियमित हेल्थ चेकअप से कई गंभीर बीमारियों से समय रहते बचाव संभव है।

इस दौरान गीतांजली हॉस्पिटल के कैंसर विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ  अंकित अग्रवाल, डॉ. रेणु मिश्रा, डॉ. रमेश पुरोहित, डॉ. आशीष जागेटिया, डॉ अजय यादव, डॉ. शशांक कोठारी, डॉ  यमन पाटीदार, डॉ सीमा परतानी, डॉ नवीन पाटीदार ने कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा करते हुए उपस्थित सदस्यों को आवश्यक जानकारी प्रदान की तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। 

इसी क्रम में गीतांजली हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति विभाग की यूनिट हेड डॉ. अर्चना ने भी महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए हाल ही में लायंस क्लब में आयोजित महिला दिवस कार्यक्रम में महिलाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पद्मश्री डॉ. जितेंद्र कुमार सिंह ने कैंसर जागरूकता के क्षेत्र में अपने लगभग पचास वर्षों के अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जीवनशैली और खान-पान में सुधार कर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

वरिष्ठ सर्जन डॉ. जे. डी. पटेल ने स्लाइड प्रेजेंटेशन के माध्यम से सरल भाषा में कैंसर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। और साथ ही गीतांजली हॉस्पिटल में उपलब्ध अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, नवीनतम तकनीक तथा अनुभवी एवं कुशल चिकित्सकों की टीम का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कैंसर जैसी जटिल बीमारियों के उपचार के लिए अब दूर जाने की आवश्यकता नहीं है। 

गीतांजली कैंसर सेंटर में आधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और समर्पित मेडिकल स्टाफ की सहायता से मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने उपस्थित लोगों को सलाह दी कि यदि किसी को कैंसर से संबंधित कोई लक्षण या समस्या हो तो समय रहते गीतांजली हॉस्पिटल में परामर्श लेकर उपचार प्रारंभ करें।

इसके पश्चात महाराणा प्रताप वरिष्ठ नागरिक संस्थान के महासचिव भंवर सेठ ने अपने संबोधन में संस्थान की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व को बताया। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल एक तिथि नहीं बल्कि सम्मान, समानता और संकल्प का प्रतीक है। नारी शक्ति के बिना न परिवार संभव है, न समाज और न ही राष्ट्र का विकास।

संस्थान अध्यक्ष चौसर लाल कछार, कोषाध्यक्ष वरदान मेहता, नवल पगारिया एवं महेंद्र शर्मा ने कार्यक्रम में पधारे अतिथियों का उपड़ना ओढ़ाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के महिला एवं पुरुष सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई, जिनमें कविता पाठ एवं गीतों ने कार्यक्रम को रोचक बना दिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. महेंद्र शर्मा ने किया तथा अंत में भंवर सेठ ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी महिला सदस्यों का समूह चित्र लिया गया तथा दोपहर भोज के साथ कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News