उदयपुर: 30 वर्षीय महिला के गर्भाशय से निकालीं 25 गांठें

 | 
Pannadhay Mahila Chikitsalaya

 

Udaipur Times, Health News: पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ डॉ संगीता सेन और टीम ने एक अत्यंत जटिल एवं चुनौतीपूर्ण सर्जरी को सफलतापूर्वक संपन्न कर 30 वर्षीय महिला का गर्भाशय सुरक्षित रखते हुए चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य का परिचय दिया। 

राजसमंद जिले के नंदाना -बड़पदा निवासी  30 वर्षीय महिला, 15 जुलाई 2026 को पेट में तेज दर्द एवं अत्यधिक रक्तस्राव की शिकायत के साथ अस्पताल में भर्ती हुई थी। प्रारंभिक जांच एवं सोनोग्राफी में पाया गया कि उनके गर्भाशय में अनेक बड़ी गांठें (फाइब्रॉइड) थीं, जिनके कारण गर्भाशय लगभग आठ माह के गर्भ के आकार जितना बड़ा हो गया था।गाँठो को निकालकर बच्चेदानी बचाना एक बड़ी चुनौती थी।

रविंद्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय के प्राचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने बताया कि विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सेन एवं टीम डॉ. शमिता डॉ. हिना, डॉ भारत एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. देवेंद्र वर्मा एवं डॉ. बसंत सहित नर्सिंग अधिकारियों जीनत एवं मनीषा तथा अन्य सहयोगी कार्मिकों ने समन्वित रूप से सर्जरी को सफल बनाया।

विभागाध्यक्ष डॉ. संगीता सेन ने बताया कि इस प्रकार के मामलों में कई बार मरीज का गर्भाशय निकालना आवश्यक हो जाता है। किंतु सीमा कुवर की आयु केवल 30 वर्ष थी तथा भविष्य में मातृत्व की संभावना को ध्यान में रखते हुए ऑपरेटिंग टीम ने अत्यंत कुशलता, धैर्य एवं अनुभव का परिचय देते हुए गर्भाशय को सुरक्षित रखा और सभी 25 गांठों को सफलतापूर्वक निकाल दिया। सफल ऑपरेशन के बाद मरीज अब पूर्णतः स्वस्थ है और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। 

उन्होंने कहा कि पन्नाधाय राजकीय महिला चिकित्सालय एवं रविंद्रनाथ टैगोर आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में अनुभवी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम उपलब्ध है, जो आधुनिक तकनीक एवं बहु-विषयक समन्वय के साथ जटिल से जटिल स्त्री एवं प्रसूति संबंधी सर्जरी करने में सक्षम है। इस सफल उपचार ने न केवल मरीज को नया जीवन और भविष्य में मातृत्व की आशा प्रदान की है, बल्कि संस्थान की उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं, विशेषज्ञता और टीमवर्क को भी पुनः प्रमाणित किया है।

अस्वीकरण (Disclaimer):

यह समाचार अस्पताल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के आधार पर प्रकाशित किया गया है। इसमें वर्णित चिकित्सकीय प्रक्रिया, उपचार और परिणाम संबंधित मरीज की विशेष चिकित्सा स्थिति पर आधारित हैं। प्रत्येक मरीज की स्वास्थ्य स्थिति और उपचार की आवश्यकता अलग-अलग हो सकती है, इसलिए इसे सामान्य चिकित्सकीय सलाह या उपचार का विकल्प न माना जाए। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी समस्या के लिए योग्य चिकित्सक से व्यक्तिगत परामर्श अवश्य लें। मरीज की निजता का सम्मान करते हुए केवल सार्वजनिक रूप से साझा की गई जानकारी का ही उपयोग किया गया है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News