उदयपुर में इलाज के दौरान महिला की मौत पर भारी हंगामा, स्टाफ क्लीनिक बंद कर भागा
Udaipur Times, Udaipur News: उदयपुर शहर के सुरजपोल स्थित निजी क्लीनिक में इलाज के दौरान एक 23 वर्षीय महिला की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रबंधन की घोर लापरवाही के कारण महिला की जान गई है।
जानकारी के अनुसार, रामपुरा अंबाबाड़ी की रहने वाली 23 वर्षीय भूमि (श्रद्धा) तेली को आज सुबह हाथ-पैर में दर्द की शिकायत होने पर क्लीनिक लाया गया था। परिजनों ने बताया कि अस्पताल में महिला को ड्रिप (बोतल) चढ़ाई गई और इंजेक्शन लगाया गया, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। हालत बिगड़ती देख अस्पताल प्रबंधन ने आनन-फानन में उसे अन्य निजी हॉस्पिटल रेफर कर दिया, लेकिन वहां पहुंचने पर डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।
महिला की मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित परिजन और समाज के लोग क्लीनिक में एकत्र हो गए और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा व तोड़फोड़ शुरू कर दी। माहौल बिगड़ता देख अस्पताल का प्रबंधन और पूरा स्टाफ मौके से ताला लगाकर भाग निकला।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपोल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर एमबी हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया है। मृतका अपने पीछे एक छह माह का बच्चा और एक डेढ़ साल की मासूम बेटी छोड़ गई है, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
