100 लोगों को मुफ्त में मिलेगी 37 लाख की SUV Jeep Wrangler, जानें क्या है शर्त ?
Udaipur Times, Automobile News, Jeep To Give Away 100 Wrangler SUV : अमेरिकी ऑटोमोबाइल कंपनी Jeep ने FIFA World Cup 2026 को लेकर एक अनोखा प्रचार अभियान शुरू किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि वह Jeep Wrangler SUVs की 100 यूनिट गिफ्ट के रूप में बांटेगी। लेकिन इसके लिए एक बेहद खास और अनोखी शर्त रखी गई है।
क्या है ऑफर?
Jeep ने कहा है कि अगर United States men's national soccer team FIFA World Cup 2026 जीत जाती है, तो कंपनी 100 लोगों को नई Jeep Wrangler मुफ्त में देगी।
कौन ले सकता है हिस्सा?
इस ऑफर का लाभ केवल अमेरिका के उन नागरिकों को मिलेगा जिनका ऑफिशियल नाम जार्ज वाशिंगटन है। इच्छुक लोगों को पहले रजिस्ट्रेशन कराना होगा और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के जरिए अपना नाम सत्यापित करना होगा। नाम की स्पेलिंग में किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं किया जाएगा।
केवल 100 लोगों को मिलेगा फायदा
कंपनी ने इस ऑफर के लिए अधिकतम 100 विजेताओं की सीमा तय की है। सबसे पहले सत्यापित होने वाले 100 पात्र प्रतिभागी ही इस योजना के लिए योग्य होंगे। हालांकि यह इनाम तभी मिलेगा जब अमेरिकी फुटबॉल टीम विश्व कप जीतने में सफल होगी।
कितनी है SUV की कीमत?
विजेताओं को 2026 Jeep Wrangler 2-Door Sport S मॉडल दिया जाएगा। अमेरिका में इसकी शुरुआती कीमत करीब 39,685 डॉलर (लगभग 37 लाख रुपये) है। हालांकि किसी अतिरिक्त फीचर या एक्सेसरी का खर्च विजेता को खुद उठाना होगा।
प्रचार के लिए मशहूर कॉमेडियन की मदद
इस अभियान को लोकप्रिय बनाने के लिए Jeep ने अमेरिकी कॉमेडियन इलाइज़ा श्लेसिंगर के साथ साझेदारी की है। कंपनी ने उनके साथ एक विशेष विज्ञापन भी तैयार किया है, जिसे टीवी और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा है।
क्यों चर्चा में है यह ऑफर?
अनुमान है कि पूरे अमेरिका में जॉर्ज वाशिंगटन नाम वाले केवल 300 से 400 लोग ही हैं। ऐसे में यह ऑफर अपनी अनोखी शर्त और सीमित पात्रता के कारण दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गया है।
