वेबसाइट पर बेचे जा रहे 100% शुद्ध दावे वाले प्रोडक्ट पर रोक ! शहद और घी समेत कई सामान बेचना बैन, FSSAI ने मांगी रिपोर्ट
Udaipur Times, New Delhi News : फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) ने डाबर के कई प्रोडक्ट की बिक्री पर रोक लगा दी है। इनमें शहद और गाय का घी भी शामिल है। ये प्रोडक्ट 100% शुद्धता के दावे के साथ वेबसाइट पर बेचे जा रहे थे। FSSAI ने इन दावों को गुमराह करने वाला बताया है। इस पर डाबर से 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट मांगी है। FSSAI सोमवार को सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी है।
FSSAI के अनुसार, कंपनी की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य पदार्थों पर भ्रामक दावे पाए गए थे। इनमें '100% नेचुरल', '100% प्योर', '100% प्योरीटी गारंटीड', '100% ऑर्गेनिक' और '100% टेंडर कोकोनट वॉटर' जैसे लेबल शामिल थे। FSSAI का कहना है कि '100 प्रतिशत' दावों का यह उपयोग FSS विनियम, 2018 का उल्लंघन करता है। ये दावे अस्पष्ट, असत्यापित और उपभोक्ताओं को गुमराह करने वाले हैं।
पहले भी दिया गया था नोटिस
FSSAI ने बताया कि उसने पहले भी डाबर को नोटिस जारी कर ऐसे भ्रामक '100%' दावों को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया था। हालांकि, कंपनी ने कोई कदम नहीं उठाया। इसके बाद FSSAI को यह कड़ा प्रोहिबिशन (बैन) ऑर्डर जारी करना पड़ा। अब डाबर को 15 दिनों के अंदर यह बताना होगा कि उन्होंने FSSAI के आदेश के बाद क्या कदम उठाए हैं।
नियमों के अन्य बड़े उल्लंघन
'जैविक भारत' लोगो: डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर बिना किसी वैध FSSAI ऑर्गेनिक एंडोर्समेंट के 'जैविक भारत' लोगो पाया गया।
कंपाउंड फूड्स पर गलत दावा: डाबर होममेड कोकोनट मिल्क को 100% शुद्धता के दावे के साथ बेचा जा रहा था। FSS नियम, 2018 के तहत कंपाउंड फूड्स (मिश्रित खाद्य पदार्थों) के लिए ऐसा दावा करने की अनुमति बिल्कुल नहीं है।
यह दी चेतावनी
FSSAI ने चेतावनी देते हुए कहा कि '100%' शब्द की फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स (एडवरटाइजिंग एंड क्लेम्स) रेगुलेशंस, 2018 में कोई तय परिभाषा नहीं है। इसलिए '100% नेचुरल', '100% प्योर', '100% प्योरीटी गारंटीड' और '100% ऑर्गेनिक' जैसे दावे लोगों को गुमराह कर सकते हैं। वहीं, डाबर ने कहा कि हम खाद्य नियामक के आदेश के खिलाफ कानूनी सलाह ले रहे हैं।
