3 लाख एकड़ में यहां बसाए जाएंगे 12 नए शहर ! 1 लाख करोड़ से बनेगी टाउनशिप, लाखों लोगों को मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, 12 new modern cities : बिहार में आधुनिक और योजनाबद्ध शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य सरकार ने 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप (Greenfield Satellite Township) विकसित करने के लिए हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (HUDCO) के साथ 1 लाख करोड़ रुपये के दीर्घकालिक वित्तपोषण (Long-Term Financing) का समझौता (MoU) किया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत करीब 3 लाख एकड़ से अधिक क्षेत्र में आधुनिक शहर बसाए जाएंगे, जहां विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सरकार का लक्ष्य इस परियोजना के जरिए करीब 6 लाख करोड़ रुपये का निजी और संस्थागत निवेश आकर्षित करना है।
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की मौजूदगी में लोक सेवक आवास स्थित संकल्प सभागार में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और HUDCO के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने एमओयू का आदान-प्रदान किया।
इन 12 शहरों में विकसित होंगी ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप (Greenfield Satellite Township)
सरकार ने राज्य के 12 प्रमुख शहरों को ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के लिए चुना है। इनमें-
पटना
गया
मुजफ्फरपुर
भागलपुर
दरभंगा
बिहारशरीफ
आरा
बेगूसराय
पूर्णिया
कटिहार
मुंगेर
डेहरी
शामिल हैं। इन शहरों के आसपास आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएंगी ताकि बढ़ती आबादी का दबाव कम हो और लोगों को बेहतर आवास एवं शहरी सुविधाएं मिल सकें।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे नए शहर
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि इन टाउनशिप में आधुनिक आवास, चौड़ी सड़कें, स्वच्छ पेयजल, सीवरेज नेटवर्क, 24 घंटे बिजली, हरित क्षेत्र, स्कूल, अस्पताल, व्यावसायिक केंद्र, सामाजिक अधोसंरचना और अन्य सभी नागरिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन शहरों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप स्मार्ट और टिकाऊ (Sustainable) शहरी मॉडल के रूप में तैयार किया जाएगा।
3 लाख एकड़ से अधिक भूमि पर होगा विकास
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना करीब 3 लाख एकड़ से अधिक भूमि पर विकसित होगी। भूमि अधिग्रहण की जगह लैंड पूलिंग मॉडल (Land pooling model) अपनाया जाएगा, ताकि किसानों की भागीदारी सुनिश्चित हो सके। जो किसान मुआवजा लेने का विकल्प चुनेंगे, उन्हें आवेदन के 30 दिनों के भीतर भुगतान करने का लक्ष्य रखा गया है।
1 लाख करोड़ HUDCO से, 6 लाख करोड़ निजी निवेश का लक्ष्य
सरकार के मुताबिक HUDCO के जरिए 1 लाख करोड़ रुपये का वित्तपोषण किया जाएगा। इसके अलावा करीब 6 लाख करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश निजी और संस्थागत क्षेत्र से आकर्षित करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इससे राज्य में निर्माण गतिविधियों, उद्योग, व्यापार और सेवा क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
लाखों लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस परियोजना से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लाखों रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होंगे। निर्माण कार्य, रियल एस्टेट, परिवहन, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य सेवा क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होने की उम्मीद है।
35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य की ओर बड़ा कदम
सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार सरकार योजनाबद्ध, संतुलित और समावेशी शहरीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। HUDCO के साथ हुआ यह समझौता राज्य के शहरी विकास के इतिहास में मील का पत्थर साबित होगा। सरकार बिहार में 35 प्रतिशत शहरीकरण के लक्ष्य को हासिल करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है और यह परियोजना उस लक्ष्य को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि 12 आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप (Greenfield Satellite Township) बिहार को आधुनिक शहरी विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएंगी और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करेंगी।
