हरियाणा में 1300 JE, SDO और XEN करेंगे चार दिवसीय हड़ताल, जाने वजह ?

 | 
हरियाणा में 1300 JE, SDO और XEN करेंगे चार दिवसीय हड़ताल, जाने वजह ?

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा पंचायती राज इंजीनियर्स एसोसिएशन (एचपीआरआईई) ने पंचायती राज इंजीनियरिंग विंग के प्रस्तावित युक्तिकरण और पुनर्गठन के खिलाफ आंदोलन तेज कर दिया है।

जानकारी के मुताबिक एसोसिएशन ने सात से 10 सितंबर तक राज्यव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। राज्य के करीब 1300 JE, SDO व XEN हड़ताल में शामिल रहेंगे। एसोसिएशन ने सरकार को चेतावनी दी है कि इस अवधि में भी सरकार नहीं सुनेगी तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को विवश होंगे।

एसोसिएशन के राज्य प्रधान महेंद्र सिंह यादव और राज्य वरिष्ठ महासचिव विनोद मलिक ने बताया कि इंजीनियरिंग अधिकारियों व कर्मचारियों के पद कम करने से ग्रामीण विकास कार्यों की निगरानी, गुणवत्ता और जवाबदेही प्रभावित होगी। पंचायती राज विभाग करीब 60 योजनाओं के तहत लगभग 9500 करोड़ रुपये के वार्षिक बजट से विकास कार्य करवाता है।

इन कार्यों की तकनीकी जांच और गुणवत्ता नियंत्रण में इंजीनियरिंग अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। राज्य प्रधान ने बताया कि संगठन ने उपमंडल अभियंता (SDE) और कनिष्ठ अभियंता (JE) को कार्यकारी अभियंता (XEN) के नियंत्रण से हटाकर खंड विकास व पंचायत अधिकारी (BDPO) के अधीन करने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है।

उच्च स्तरीय तकनीकी पदों जैसे अधीक्षण अभियंता (SE) और मुख्य अभियंता तथा 130 कनिष्ठ अभियंता पदों में कटौती को अव्यवहारिक बताया गया है। कार्यकारी अभियंता की आहरण व संवितरण अधिकारी (DDO) की शक्तियों को हटाने और वर्तमान सतर्कता व गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को प्रभावित करने पर भी गंभीर आपत्ति है।

एसोसिएशन की मुख्य मांग है कि पंचायती राज इंजीनियरिंग विंग को लोक निर्माण विभाग (भवन व सड़कें), जन स्वास्थ्य आभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) की तरह एक स्वतंत्र और मजबूत तकनीकी विंग बनाया जाए। उनकी मांगों में अभियंता-प्रमुख का पद सृजित करना और सभी 809 स्वीकृत कनिष्ठ अभियंता पद बरकरार रखना शामिल है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News