हरियाणा में अगले सप्ताह लौटेंगे 1373 अग्निवीर, वर्ष 2022-23 में हुए थे भर्ती

 | 
हरियाणा में अगले सप्ताह लौटेंगे 1373 अग्निवीर, वर्ष 2022-23 में हुए थे भर्ती 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। सेना में चार वर्ष की सेवा करने के उपरांत अग्निवीरों का पहला बैच 31 जुलाई को वापस लौट आएगा। अग्निपथ योजना के तहत वर्ष 2022-23 में हरियाणा के 1830 अग्निवीर भर्ती हुए थे। इनमें से 25 प्रतिशत सेना की नियमित सेवाएं देंगे, जबकि शेष 75 प्रतिशत यानी लगभग 1373 अग्निवीर वापिस लौट आएंगे।

कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ की पूर्व संध्या पर बलिदानियों को नमन करते हुए सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जिसने अग्निवीरों के पुनर्वास के लिए सरकारी नौकरियों में भूतपूर्व सैनिकों की तर्ज पर आरक्षण दिया है। हरियाणा अग्निवीर नीति-2024 आगामी एक अगस्त से प्रभावित होगी। ऐसा प्रविधान करने वाला हरियाणा देश का एकमात्र राज्य है। हरियाणा सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण निगम का गठन किया जा रहा है ताकि सैनिकों, पूर्व सैनिकों, अर्धसैनिक बलों के जवानों और उनके आश्रितों के कल्याण से जुड़े निर्णय तुरंत लिए जा सकें।

उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक बलिदानी सैनिकों के 420 आश्रितों को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है। साथ ही सशस्त्र पुलिस बलों और अग्निवीरों के लिए दी जाने वाली एकमुश्त वीरता पुरस्कार राशि में भी वृद्धि की जाएगी।

गुरुग्राम, पलवल, पानीपत, झज्जर, नूंह, फतेहाबाद, जींद, नारनौल और रेवाड़ी में एकीकृत सैनिक सदनों के निर्माण की प्रक्रिया जारी है। नूंह में जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग का कार्यालय खोला जा चुका है। सेवानिवृत्त केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कर्मियों का पंजीकरण सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग की वेबसाइट भी लांच की है, जिस पर प्रदेश के केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के पूर्व कर्मी पंजीकरण करवा सकते हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News