हरियाणा में बनेंगे 14 गो अभयारण्य ! सरकार ने मांगी खाली जमीन की रिपोर्ट, जाने क्या-क्या मिलेगा फायदा ?

 | 
हरियाणा में बनेंगे 14 गो अभयारण्य ! सरकार ने मांगी खाली जमीन की रिपोर्ट, जाने क्या-क्या मिलेगा फायदा ?

Udaipur Times, Haryana News : प्रदेश की सड़कों पर बेसहारा घूम रहे गोवंश से होने वाले हादसों को रोकने के लिए हरियाणा गो सेवा आयोग ने मास्टर प्लान तैयार किया है। राज्य को पूरी तरह कैटल फ्री बनाने के लिए अब प्रदेशभर में 14 नए गो अभयारण्य स्थापित किए जाएंगे। आयोग ने इसके लिए तैयारी तेज कर दी है और आगामी दिसंबर माह में इन सभी 14 नए अभयारण्यों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इसके तुरंत बाद प्रदेश की सड़कों से बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलेगा।

यह पूरी योजना महेंद्रगढ़ जिले में पहले से चल रहे सफल मॉडल पर आधारित होगी। महेंद्रगढ़ में करीब 90 एकड़ भूमि पर एक विशाल गो अभयारण्य तैयार किया जा चुका है। यहां बड़ी संख्या में गोवंश के रखरखाव, चारे और इलाज की पुख्ता व्यवस्था है। इसी तर्ज पर आयोग ने प्रदेश के अन्य जिलों के प्रशासन से भी पंचायती और सरकारी खाली जमीन का ब्योरा मांगा है। अधिकारियों को जल्द से जल्द जमीन चिह्नित कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि दिसंबर तक स्थानों को अंतिम रूप दिया जा सके।

सड़कों पर घूम रहे पशुओं के कारण होते हैं हादसे

प्रदेश में बेसहारा पशुओं की समस्या काफी गंभीर है। तमाम प्रयासों के बावजूद आज भी राज्य की सड़कों और हाईवे पर 35 हजार से अधिक गोवंश खुलेआम घूम रहे हैं। रात के अंधेरे और सर्दियों में कोहरे के दौरान ये पशु वाहन चालकों को नजर नहीं आते, जिससे आए दिन भीषण सड़क हादसे हो रहे हैं। इन दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान जा चुकी है और गोवंश भी घायल हो रहे हैं। नए अभयारण्य बनने से इन सभी पशुओं को सुरक्षित आशियाना मिल सकेगा।

अभयारण्य बनने से होने वाले बड़े फायदे

 हादसों में कमी: हाईवे और शहरी सड़कों से पशु हटने से यातायात सुगम होगा, हादसों में कमी आएगी।

 किसानों को मिलेगी निजात: आवारा पशुओं से फसलों को होने वाले नुकसान से निजात मिलेगी।

 गोवंश की देखभाल: अभयारण्यों में खुले वातावरण के साथ-साथ हरे चारे, पानी और नियमित स्वास्थ्य जांच की सुविधा मिलेगी।

दिसंबर के बाद चलेगा विशेष अभियान

दिसंबर में 14 नए गो अभयारण्यों की सूची जारी होने के बाद जिला प्रशासन, नगर निकाय और गोशालाएं मिलकर विशेष अभियान चलाएंगी। इसके तहत सड़कों पर घूम रहे गोवंश को पकड़कर सीधे इन अभयारण्यों में शिफ्ट किया जाएगा, जिससे आम लोगों को इस समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

बेसहारा गोवंश हटाने के लिए मास्टर प्लान तैयार

❝ प्रदेशभर में सड़कों से बेसहारा गोवंश हटाने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। ताकि, प्रत्येक जिला को राहत मिल सके और हादसे न हो। इसके लिए 14 नए गो अभयारण्य बनाए जाएंगे। इसके लिए जगह का जल्द ही चयन किया जाएगा। -रामचंद्र कंबोज, चेयरमैन, गो सेवा आयोग हरियाणा

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News