राजस्थान रोडवेज के बेड़े में शामिल हुई 144 नई ब्लू लाइन बसें, CM ने दिखाई हरी झंडी
Udaipur Times, Rajasthan news : राजस्थान में बस यात्रियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के बेड़े में रविवार को 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें शामिल की गई। इन बसों में एक तरफ 3 और दूसरी तरफ 2-2 सीटें रहेंगी।
जानकारी के मुताबिक, CM भजनलाल शर्मा ने अजमेर रोड स्थित हीरापुरा बस टर्मिनल से इन बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा भी मौजूद रहे।
इन नई बसों को पूजा-अर्चना के बाद प्रदेश के अलग-अलग डिपो के लिए रवाना किया गया। इन बसों के बेड़े में शामिल होने से यात्रियों को कम किराए में बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। साथ ही कई प्रमुख रूटों पर बसों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।
मिली जानकारी के अनुसार, रोडवेज की ओर से 144 नई ब्लू लाइन एक्सप्रेस बसें प्रदेश के 22 डिपो में आवंटित की गई हैं। इन बसों के संचालन से विभिन्न जिलों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ यात्रियों को नई और आधुनिक बसों में बेहतर सुविधा मिलेगी।
रोडवेज के अनुसार नई बसों का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और तकनीक आधारित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
