2800 करोड़ में काठगोदाम से सीधे कैंची धाम बनेगा 14.9 KM लंबा रोपवे, घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा

 | 
2800 करोड़ में काठगोदाम से सीधे कैंची धाम बनेगा 14.9 KM लंबा रोपवे, घंटों का सफर मिनटों में होगा पूरा

Udaipur Times, New Delhi : कैंची धाम जाने वालों के लिए दी खुशखबरी आई है। नैनीताल से कैंची धाम जाने वाले यात्रियों को अब पहाड़ के कठिन रास्तों व जाम से राहत मिलने वाली है। इसके लिए सरकार काठगोदाम से हनुमानगढ़ी तक रोपवे बनाने जा रही है, जो 14.900 किलोमीटर लंबा होगा। परियोजना पर 2800 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। काठगोदाम से रोपवे से प्रति घंटे लगभग 1800 यात्री सफर कर सकेंगे। रानीबाग से हनुमानगढ़ी का सफर लगभग 20 से 25 मिनट में पूर्ण होगा जबकि इसमें कार से करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है।

परियोजना पूरी होने पर काठगोदाम से कैंची धाम जाने वाल देश-विदेश के लाखों तीर्थयात्रियों को सबसे ज्यादा राहत मिलने वाली है। इस संबंध में बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में प्रमुख सचिव (नियोजन) डॉ. आर मीनाक्षी सुंदरम व लोलिवि सचिव डॉ. पंकज कुमार पांडेय और पर्यटन सचिव धीराज सिंह गर्ब्याल की अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक हुई। इसमें तय हुआ कि हल्द्वानी से नैनीताल तक की पहाड़ियों के भौगोलिक रूप से संवेदनशील होने के कारण तकनीकी अध्ययन पूरा कर परियोजना को जल्द से जल्द शुरू किया जाएगा।

रोपवे स्टेशन के साथ पार्किंग भी बनेगी 

अधिकारियों ने रानीबाग क्षेत्र का भ्रमण भी किया। प्रमुख सचिव ने कहा कि रानीबाग में 33 एकड़ भूमि है जहां रोपवे स्टेशन के साथ पार्किंग भी बन सकेगी। ज्योलीकोट रोपवे स्टेशन को जंक्शन स्टेशन बनाया जाएगा जहां से कैंची धाम के लिए रोपवे प्रस्तावित होगा। उन्होंने वन भूमि हस्तांतरण संबंधी प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने को भी कहा।

375 रुपये होगा किराया

अधिकारियों ने बताया कि शुरुआत में काठगोदाम, रानीबाग, भुजियाघाट, ज्योलीकोट एवं हनुमानगढ़ी में रोपवे के स्टेशन बनेंगे। रोपवे में 58 टावर लगेंगे। रानीबाग से हनुमानगढ़ी तक रोपवे का एकतरफा शुल्क 375 रुपये प्रति व्यक्ति प्रस्तावित रहेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News