यहां बनेंगे 16 नए इंडस्ट्रियल हब ! 14 गांवों की जमीनों का होगा अधिग्रहण, 7 हजार करोड़ मुआवजा बांटा

 | 
यहां बनेंगे 16 नए इंडस्ट्रियल हब ! 14 गांवों की जमीनों का होगा अधिग्रहण, 7 हजार करोड़ मुआवजा बांटा

Udaipur Times, Jewar Airport : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण के विस्तार का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रशासन जेवर क्षेत्र के 14 गांवों की 1,857 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण कर रहा है। जमीन अधिग्रहण के दौरान सबसे अधिक विरोध करने वाले नीमका और ख्वाजपुर गांवों के किसान भी अब तेजी से मुआवजा लेकर अपनी जमीन प्रशासन को सौंप रहे हैं। पहले इन किसानों ने अधिग्रहण नीति को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन अवार्ड घोषित होने के बाद अधिग्रहण प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है।

8 हजार किसानों से 1,450 हेक्टेयर जमीन से जुड़े दस्तावेज प्राप्त किए

प्रशासन के मुताबिक, तीसरे चरण में जेवर बांगर, चौरोली, थोरा, बंकापुर, नीमका, शिवारा, किशोरपुर, साबौता, पारोही, ख्वाजपुर, दयानतपुर, बनवारीवास, रामनेर और रोही गांवों की जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। गांव-गांव विशेष कैंप लगाकर अब तक करीब 8 हजार किसानों से 1,450 हेक्टेयर जमीन से जुड़े दस्तावेज प्राप्त किए जा चुके हैं।

7,000 करोड़ रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर

किसानों को मुआवजा देने का काम भी तेजी से चल रहा है। अब तक लगभग 7,000 करोड़ रुपये की प्रतिकर राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है। नीमका गांव के 87 प्रतिशत से अधिक किसान मुआवजा प्राप्त कर चुके हैं, जबकि अन्य गांवों में भी भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

14 गांवों में अधिग्रहण शिविर लगाए गए

जेवर के उपजिलाधिकारी एवं नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रशासक दुर्गेश सिंह ने बताया कि मार्च में अवार्ड घोषित होने के बाद सभी 14 गांवों में अधिग्रहण शिविर लगाए गए। वर्तमान में करीब 80 प्रतिशत जमीन का अधिग्रहण पूरा हो चुका है और शेष किसानों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य जुलाई के अंत तक तीसरे चरण का पूरा जमीन अधिग्रहण पूरा करना है।

गांववार आंकड़ों के अनुसार थोरा (448 हेक्टेयर), नीमका (250 हेक्टेयर), ख्वाजपुर (185 हेक्टेयर) और रामनेर (168 हेक्टेयर) में सबसे अधिक जमीन का अधिग्रहण हुआ है। एयरपोर्ट के तीसरे चरण के पूरा होने के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार नई गति पकड़ेगा और क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, रोजगार तथा आर्थिक गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News