हरियाणा में 17.24 लाख परिवार आयुष्मान भारत योजना के दायरे में, देखें जिलावाइज पूरी लिस्ट
Udaipur Times, नई दिल्ली/चंडीगढ़, 21 जुलाई : संसद के मानसून सत्र के दूसरे दिन राज्य सभा सांसद संजय भाटिया द्वारा आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) तथा आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) से संबंधित पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में केंद्र सरकार ने हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, योजना के लाभार्थियों तथा डिजिटल स्वास्थ्य अवसंरचना की विस्तृत जानकारी संसद के पटल पर रखी।
केंद्र सरकार ने बताया कि हरियाणा में 17.24 लाख परिवार आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र हैं। इन परिवारों को योजना के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण एवं कैशलेस स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार ने राज्य के साथ-साथ जिला-वार पात्र परिवारों का विस्तृत विवरण भी संसद में प्रस्तुत किया।
सरकार के अनुसार 30 जून 2026 तक हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 1,309 अस्पताल पैनल में शामिल हैं, जिनमें 719 निजी तथा 590 सरकारी अस्पताल हैं। इसके अतिरिक्त राज्य में 3,272 आयुष्मान आरोग्य मंदिर संचालित किए जा रहे हैं, जो प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी हरियाणा ने उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। केंद्र सरकार ने बताया कि 16 जुलाई 2026 तक राज्य में 1.88 करोड़ आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (ABHA) बनाए जा चुके हैं, जबकि 1.10 करोड़ स्वास्थ्य रिकॉर्ड इन खातों से जोड़े जा चुके हैं। इसके अलावा 56 प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों तथा 571 छोटे स्वास्थ्य केंद्रों में डिजिटल हॉस्पिटल मैनेजमेंट सिस्टम लागू किया जा चुका है। निजी स्वास्थ्य संस्थानों को भी डिजिटल स्वास्थ्य प्रणाली से जोड़ने के लिए राज्य सरकार कार्यशालाओं एवं हितधारक परामर्श कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है।
अपने प्रश्न के माध्यम से राज्य सभा सांसद संजय भाटिया ने हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना के वास्तविक लाभार्थियों, स्वास्थ्य संस्थानों के विस्तार तथा डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं की प्रगति से संबंधित जानकारी मांगी थी। केंद्र सरकार के उत्तर में हरियाणा में स्वास्थ्य अवसंरचना और डिजिटल हेल्थ नेटवर्क के विस्तार की विस्तृत तस्वीर संसद के माध्यम से सामने आई।
संसद में प्रस्तुत जिला-वार आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत फरीदाबाद में सर्वाधिक 1,48,909 परिवार पात्र हैं। इसके बाद करनाल में 1,27,935, हिसार (हांसी सहित) में 1,11,866, यमुनानगर में 1,04,669, गुरुग्राम में 96,456, जींद में 91,955, सिरसा में 91,873, सोनीपत में 88,321, कैथल में 87,947, पानीपत में 83,773, कुरुक्षेत्र में 77,323, अंबाला में 73,466, फतेहाबाद में 70,636, रोहतक में 69,650, भिवानी में 68,351, पलवल में 64,470, नूंह में 63,759, रेवाड़ी में 50,666, महेंद्रगढ़ में 48,762, झज्जर में 44,931, पंचकूला में 29,836 तथा चरखी दादरी में 29,283 परिवार योजना के लिए पात्र हैं।
संसद में उठाए गए इस प्रश्न के माध्यम से केंद्र सरकार ने न केवल हरियाणा में आयुष्मान भारत योजना की प्रगति, बल्कि देशभर में सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर अपनी आधिकारिक स्थिति भी स्पष्ट की। यह उत्तर स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, डिजिटल स्वास्थ्य ढांचे के विस्तार तथा आम नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण उपचार की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में केंद्र सरकार के प्रयासों को भी रेखांकित करता है।
