Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा के गुरुग्राम से बड़ी खबर सामने आ रही है। सीएम नायब सिंह सैनी के गुरुग्राम दौरे के दौरान सुरक्षा चूक मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस कमिश्नर ने दो डीसीपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। मिली जानकारी के अनुसार थाना प्रभारी व सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों समेत 18 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। इंटेलिजेंस इंचार्ज के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय के आदेश के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सुरक्षा व्यवस्था और आपसी समन्वय में लापरवाही सामने आई है। जांच में पता लगाया जाएगा कि प्रदर्शनकारी सीएम के काफिले तक कैसे पहुंचे और सुरक्षा घेरा किस स्तर पर टूटा।
पुलिस कमिश्नर ने कहा कि वीआईपी सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी और जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि शुक्रवार को सीएम के कार्यक्रम के बाद उनका काफिला राजीव चौक की ओर बढ़ा तो कुछ प्रदर्शनकारी अचानक सामने पहुंच गए। इस कारण सुरक्षा कर्मियों को काफिले का मार्ग बदलना पड़ा।
जानकारी के अनुसार इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई भी हुई थी। मामले में कई लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया जा चुका है।
