हरियाणा में एक ही छत के नीचे पहुंची 20 सरकारी योजनाएं, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा

 | 
हरियाणा में एक ही छत के नीचे पहुंची 20 सरकारी योजनाएं, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा 

Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत आज मुरथल स्थित बीडीपीओ कार्यालय में सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 20 सरकारी विभागों ने एक ही स्थान पर अपने स्टॉल लगाए और पात्र लाभार्थियों तक विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जानकारी देने के साथ-साथ आवेदन एवं पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई।

हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन श्री मोहनलाल बड़ौली शिविर में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया तथा नागरिकों को उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर अपने स्वास्थ्य की जांच भी करवाई।

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग प्रदान किया तथा पात्र मामलों में मौके पर ही पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध करवाई।

इस अवसर पर श्री मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जानकारी के अभाव में कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले हर नागरिक को सही जानकारी उपलब्ध करवाने के साथ-साथ उसकी पात्रता के अनुसार आवेदन एवं पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करने में हरसंभव सहयोग दिया जाए।

उन्होंने आमजन से भी आह्वान किया कि वे ऐसे शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें, सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करें, अपनी पात्रता की जांच करवाएं और पात्र होने पर उपलब्ध लाभों का समय पर लाभ उठाएं।

इस अवसर पर बीडीपीओ श्री राजेश तिवाना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News