कोरोना का खौफ लौटाए गए जर्मनी के 22 पर्यटक

होटल ट्राइडेंट के उन सभी 13 कमरों में हाइपोक्लोराइड सोल्युशन का किया गया छिड़काव 

 | 
पर्यटकों के दल ने यहाँ जिन जिन स्थानों का भ्रमण किया वहां चिकित्सा विभाग की टीम पहुँच कर हाइपोक्लोराइड सोल्युशन का छिड़काव कर रही है।

उदयपुर 5 मार्च 2020। चीन से फैलकर भारत समेत दुनिया के कई देश में अपना खौफ फ़ैलाने वाले कोरोना वायरस ने लेकसिटी में भी खलबली मचानी शुरू कर दी है। पर्यटकों की आवाजाही वाले झीलों की नगरी के पर्यटन क्षेत्र से जुड़े व्यवसाय जगत में इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ना शुरू हो गया है। अभी हाल ही इटली से पर्यटक दल के संक्रमित होने के अंदेशे से खलबली मची हुई है। इटली का यह पर्यटक दल लेकसिटी में भी भ्रमण हेतु आया था। 

उक्त पर्यटक दल उदयपुर के फाइव स्टार होटल ट्राइडेंट में रुका था जहाँ कल 80 लोगो की स्क्रीनिंग की जिसमे में चार लोगो को एमबी अस्पताल में भर्ती करवाया गया वहीँ 26 लोगो को होम आइसोलेशन में रखने का निर्देश दिया गया। पर्यटकों के दल ने यहाँ जिन जिन स्थानों का भ्रमण किया वहां चिकित्सा विभाग की टीम पहुँच कर हाइपोक्लोराइड सोल्युशन का छिड़काव कर रही है। कल होटल ट्राइडेंट के 13 कमरों में छिड़काव किया गया। 

उल्लेखनीय है की होटल ट्राइडेंट में आगे की बुकिंग रद्द कर दी गई है। फिलहाल कुछ दिनों के लिए किसी भी पर्यटक को इस होटल में नहीं ठहराया जा सकेगा। हालाँकि इटली के पर्यटकों को बस में लेकर आने वाला ट्रेवल एजेंट की रिपोर्ट जयपुर एसएमएस अस्पताल से नेगेटिव आई है। 

लौटाया गया जर्मनी के 22 पर्यटकों का दल 

कल शाम बुधवार जोधपुर से उदयपुर पहुंचे जर्मनी के 22 पर्यटकों के दल को उदयपुर में पहुँचने के कुछ देर बाद ही लौटा दिया गया। जर्मनी के 22 पर्यटक कुछ दिनों पहले बीकानेर के उसी होटल में 29 फरवरी को ठहरे थे जहाँ इटली के पर्यटक 22 और 23 फरवरी को रुके थे। यह वहीँ पर्यटक है जिनमे से जयपुर में कोरोना का संदिग्ध मान कर जांच की जा रही है। 

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News