हरियाणा में 2.27 लाख इंतकाल लंबित, विभाग ने अगले 7 दिन में निस्तारण के दिए आदेश

 | 
हरियाणा में 2.27 लाख इंतकाल लंबित, विभाग ने अगले 7 दिन में निस्तारण के दिए आदेश

 Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आ रही है। हरियाणा में पटवारियों के स्तर पर करीब 2।27 लाख इंतकाल लंबित हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी उपयुक्तों को व्यक्तिगत निगरानी के आदेश दिए हैं। आगामी 7 दिनों में इन मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं।

उपयुक्तों को यह भी हिदायतें दी हैं कि जिन पटवारियों ने पिछले 7 दिनों में 5 भी इंतकाल (म्यूटेशन) नहीं किए हैं उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के ब्योरा के अनुसार, पटवारियों के स्तर पर 2,27,133 इंतकाल लंबित हैं।

कानूनगो स्तर पर अभी तक 8552 और तहसीलदार (सीआरओ) स्तर पर 4,693 मामले लंबित पाए गए हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की आयुक्त एवं सचिव और वित्तीय आयुक्त (राजस्व) ने सभी उपायुक्तों को यह निर्देश दिए हैं। आयुक्त एवं कार्यालय से जारी निर्देशों में फतेहाबाद और सिरसा जिलों में हुए इंतकाल के बेहतर कार्य का उदाहरण दिया है। इन दोनों ही जिलों का उदाहरण देते हुए कहा कि सभी जिलों के लिए ऑनलाइन प्रणाली और प्रक्रिया समान है, इसलिए इसमें कोई तकनीकी अंतर नहीं है। यह केवल काम पर ध्यान केंद्रित करने, निगरानी करने और समय पर पूरा करने का मामला है।

उपायुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने काम में तत्काल सुधार करें। उन्हें यह सुनिश्चित करना होगा कि हर स्तर पर लंबित इंतकाल पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

पोर्टल की गति अभी भी धीमी : दहिया

दी रेवेन्यू पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन हरियाणा के राज्य महासचिव सन्नी दहिया ने बताया कि राजस्व विभाग के पोर्टल की कुछ सेवाओं में कार्य की स्थिति में सुधार हुआ है। अभी भी अधिक पेज वाले इंतकाल करने में तकनीकी बाधाएं सामने आ रही हैं। अभी भी बार-बार पोर्टल की गति धीमी हो जाती है। कम पेज वाले इंतकाल में दिक्कत नहीं, केवल बड़ी संख्या में जिनके पेज हैं उनमें तकनीकी बाधाएं हैं। इसी तरह से तस्कीम, पट्टानामा व अन्य कुछ कार्यों में धीमी गति के कारण काम प्रभावित हो रहे हैं।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News