हरियाणा में कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के 24 खिलाड़ियों को किया जाएगा सम्मानित, सीएम देंगे नकद पुरस्कार

 | 
हरियाणा में कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 के 24 खिलाड़ियों को किया जाएगा सम्मानित, सीएम देंगे नकद पुरस्कार 

Udaipur Times, Haryana News : कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले हरियाणा के 24 खिलाड़ियों को 26 अगस्त को पंचकूला में आयोजित समारोह में 13 करोड़ 97 लाख 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार प्रदान करेंगे। सरकार ने पदक विजेताओं के साथ उन खिलाड़ियों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व किया। पुरस्कार सूची में पांच पैरा खिलाड़ी भी शामिल हैं। 

स्वर्ण पदक विजेताओं में शर्मिला, प्रीति पवार, जैस्मिन लांबोरिया, साक्षी चौधरी, सचिन सिवाच, प्रिया घांघस और अंकुश शामिल हैं। इनमें पैरा एथलीट शर्मिला ने महिला शॉटपुट एफ-57 में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि अन्य छह खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग के विभिन्न भार वर्गों में देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किए। 

24 खिलाड़ियों में पांच पैरा खिलाड़ी शामिल हैं। इनमें स्वर्ण पदक विजेता शर्मिला के अलावा देवेंद्र कुमार, सुमन देवी, अशोक और सुधीर शामिल हैं। देवेंद्र ने पैरा एथलेटिक्स, जबकि सुमन देवी, अशोक और सुधीर ने पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत का प्रतिनिधित्व किया था।

नीरज समेत दो रजत विजेताओं को 1.50 करोड़

पानीपत के नीरज चोपड़ा और हांसी के नरेन्द्र बरवाल को रजत पदक जीतने पर 75-75 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं भवानी की सीमा कालिमरण्णा और यशवीर सिंह को कांस्य पदक के लिए 50-50 लाख रुपये मिलेंगे। इस प्रकार 11 पदक विजेताओं को कुल 12 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

पदक से चूके 13 खिलाड़ियों को भी सम्मान... सरकार ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 13 अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कार सूची में शामिल किया है। पूजा सिंह, मनप्रीत कौर, निधि रानी, रवीना, सुमित कुंडू, प्रवीण कुमारी, यश, संजना, योगेश्वर सिंह, देवेंद्र कुमार, सुमन देवी, अशोक और सुधीर को 7.50-7.50 लाख रुपये मिलेंगे।

हरियाणा के खिलाड़ियों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। पदक विजेताओं के साथ उन खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व किया।

गौरव गौतम, खेल मंत्री।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News