हरियाणा में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार, 1 लाख रुपये रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा

 | 
हरियाणा में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर समेत 3 गिरफ्तार, 1 लाख रुपये रिश्वत लेते ACB ने पकड़ा 

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसवी एंड एसीबी) ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए फतेहाबाद जिले के रतिया में एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में डीएफएससी विभाग, रतिया में तैनात इंस्पेक्टर यादविन्द्र सिंह, हारट्रोन में तैनात जूनियर प्रोग्रामर रविंदर कुमार तथा निजी व्यक्ति शेखर सम्राट शामिल हैं। इस संबंध में एफआईआर नंबर 51, दिनांक 27 नवंबर 2026 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में मामला दर्ज किया गया है।

धान की मिलिंग की मात्रा बढ़ाने के नाम पर मांगी थी रिश्वत

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि डीएफएससी विभाग, रतिया में तैनात इंस्पेक्टर यादविन्द्र सिंह द्वारा धान की मिलिंग की मात्रा 3 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 4 मीट्रिक टन करने तथा मंडी महमदी के गेट पर कट नहीं लगाने की एवज में एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

निजी व्यक्ति को एक लाख रुपये लेते रंगे हाथों दबोचा

शिकायत के आधार पर एसवी एंड एसीबी की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए ट्रैप लगाया। कार्रवाई के दौरान निजी व्यक्ति शेखर सम्राट को शिकायतकर्ता से एक लाख रुपये की रिश्वत राशि स्वीकार करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस मामले में इंस्पेक्टर यादविन्द्र सिंह, जूनियर प्रोग्रामर रविंदर कुमार और निजी व्यक्ति शेखर सम्राट, तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

इस कार्रवाई में एसवी एंड एसीबी यूनिट फतेहाबाद के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने ट्रैप का नेतृत्व किया, जबकि राजपत्रित अधिकारी के रूप में श्री राजेश स्वामी, जिला बागवानी अधिकारी (डीएचओ), फतेहाबाद उपस्थित रहे। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई।मामले में आगामी जांच जारी है।

भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन और ‘सतर्क-हरियाणा’ ऐप

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर करें। इसके अतिरिक्त, व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी सूचना दी जा सकती है।

नागरिक ‘सतर्क-हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत दर्ज करा सकते हैं तथा फोटो, वीडियो, ऑडियो और पीडीएफ जैसे साक्ष्य साझा कर सकते हैं। ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के विरुद्ध आगे आने और इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News