Udaipur Times, Delhi news : दिल्ली वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। दिल्ली के लोगों को नए साल के तोहफे में तीन डबल डेकर कॉरिडोर मिलने वाले हैं। इन डबल डेकर कॉरिडोर्स का काम तेजी से चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, इनके खुलने से सफर बिना जाम के बहुत ही आसान हो जाएगा। फेज-4 के अलग-अलग तीन मेट्रो कॉरिडोर पर बनाए जा रहे इन डबल डेकर कॉरिडोर का काम वैसे तो इसी साल दिसंबर तक पूरा होना था लेकिन कार्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है तो डेडलाइन बढ़ा दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर-पूर्वी दिल्ली में मंगल पांडे मार्ग पर भजनपुरा से यमुना विहार के बीच 1.4 किमी. लंबा डबल डेकर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। यह राजधानी का पहला एकीकृत डबल-डेकर कॉरिडोर है, जिसमें एक ही पिलर पर ऊपर मेट्रो ट्रैक और नीचे फ्लाईओवर बनाया जा रहा है। ऊपर के हिस्से में पिंक लाइन मेट्रो का ट्रैक है और नीचे वाले 6-लेन का रोड फ्लाईओवर बन रहा है, जिस पर वाहन फर्राटा भरेंगे। बताया जा रहा है की इसे 291 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, एरोसिटी–तुगलकाबाद तक दूसरा डबल डेकर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट मेट्रो के फेज-4 गोल्डन लाइन का हिस्सा है। संगम विहार से अंबेडकर नगर के बीच बन रहे 2.4 किमी लंबे इस कॉरिडोर की लागत 726.08 करोड़ रुपये है। इस पूरे रूट पर कुल 15 स्टेशन बनेंगे, जिनमें 11 अंडरग्राउंड और 4 एलिवेटेड स्टेशन होंगे।
इसके अलावा आजादपुर और डेरावल नगर के बीच करीब 2.2 किमी. लंबा मेट्रो-फ्लाईओवर सेक्शन है, जिसमें से 880 मीटर हिस्से में डबल डेकर कॉरिडोर बनाया जा रहा है। इसमें ऊपर मेट्रो और नीचे फ्लाईओवर होगा, जिस पर गाड़ियां दौड़ेंगी.इस कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। इसे बनाने में करीब 291 करोड़ की लागत आ रही है।