सिलाई सीखकर आत्मनिर्भर बनेंगी महिलाएं, उदयपुर में 30 दिवसीय प्रशिक्षण शुरू
Udaipur Times, Udaipur News: 27 मई 2026 । विज्ञान समिति के महिला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित 30 दिवसीय सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर सामुदायिक एवं अनुप्रयुक्त महाविद्यालय की प्रो. रूपल बाबेल ने कहा कि यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि महिलाएँ सिलाई सीखकर न केवल घरेलू सिलाई-कढ़ाई के कार्य सुसंगत रूप से कर सकेंगी, बल्कि यह उनकी आजीविका का भी एक स्थायी साधन बन सकता है।
विज्ञान समिति के महासचिव डॉ. आर. के. गर्ग ने बताया कि प्रधानमंत्री की पहल ‘लखपति दीदी’ के अनुरूप यह सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम एक महत्वपूर्ण कड़ी है और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में सहायक होगा।
मीडिया प्रभारी प्रो. विमल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम संयोजिका मंजुला शर्मा एवं विशेषज्ञ सुभा सिंघवी व मधु मित्तल के निर्देशन में कुल 20 प्रशिक्षणार्थी महिलाएँ सिलाई, कटिंग, नाप व अन्य बारीकियों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। प्रशिक्षण में सिलाई मशीन के रख-रखाव और विभिन्न फेब्रिक्स की पहचान सहित व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान किया जा रहा है।
यह कार्यक्रम विज्ञान समिति एवं महावीर इंटरनेशनल के संयुक्त तत्वावधान में अशोक नगर स्थित विज्ञान समिति परिसर में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की महिलाएँ भाग ले रही हैं। उद्घाटन सत्र में विज्ञान समिति के कुलप्रमुख डॉ. के. एल. कोठारी तथा महावीर इंटरनेशनल के अध्यक्ष रविन्द्र सुराणा ने भी अपना आशीर्वाद दिया।
