लंदन-सिंगापुर की तर्ज पर 3575 बस स्टॉप होगें तैयार, 650 करोड़ रुपये में सरकार ने बनाया ये प्लान ?

 | 
लंदन-सिंगापुर की तर्ज पर 3575 बस स्टॉप होगें तैयार, 650 करोड़ रुपये में सरकार ने बनाया ये प्लान ?

Udaipur Times, Delhi's Bus stops : दिल्ली सरकार राजधानी में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। सरकार सितंबर 2026 से राजधानी के बस क्यू शेल्टर (Bus Queue Shelter-BQS) के पुनर्विकास का काम शुरू करने की तैयारी में है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर करीब 650 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत दिल्ली ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (DTIDC) के अधीन आने वाले 3,575 बस क्यू शेल्टरों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।

पीपीपी मॉडल पर होगा पूरा प्रोजेक्ट

यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर लागू की जाएगी। इसके लिए DTIDC जल्द ही एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी (PMC) फर्म नियुक्त करेगा। यह एजेंसी राजधानी के सभी बस शेल्टरों का सर्वे करेगी, उनका डिजाइन तैयार करेगी और पुनर्विकास कार्य की निगरानी करेगी। परियोजना में चयनित एजेंसी को 20 सालों तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।

इन सुविधाओं से लैस होंगे नए बस स्टॉप

पुनर्विकास के बाद बस शेल्टरों को स्मार्ट और तकनीक आधारित सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इनमें पैनिक अलार्म सिस्टम रियल टाइम पब्लिक इंफॉर्मेशन सिस्टम, बस रूट और बस नंबर दिखाने वाले डिजिटल डिस्प्ले बोर्ड, मौसम की जानकारी देने वाली डिजिटल स्क्रीन, एलईडी लाइटिंग, सोलर पैनल लगाने की व्यवस्था और डिजिटल विज्ञापन प्रणाली शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और बेहतर यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है।

जहां जरूरत होगी, वहां बनेंगे नए बस शेल्टर

सर्वे के दौरान एजेंसी उन स्थानों की भी पहचान करेगी, जहां बस स्टॉप की आवश्यकता है लेकिन वर्तमान में सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके आधार पर नए बस क्यू शेल्टर भी बनाए जाएंगे, जिससे सार्वजनिक परिवहन की पहुंच और बेहतर हो सके।

छह महीने में पूरा होगा काम

टेंडर दस्तावेज के अनुसार, कार्यादेश जारी होने के बाद चयनित एजेंसी को छह महीने के भीतर पुनर्विकास का काम पूरा करना होगा। बस शेल्टरों पर विज्ञापन लगाने की अनुमति भी एजेंसी को दी जाएगी, जिससे रखरखाव और संचालन के लिए राजस्व प्राप्त किया जा सके।

स्मार्ट और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन पर सरकार का जोर

परिवहन मंत्री पंकज सिंह ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बस स्टॉप को केवल यात्रियों के इंतजार की जगह नहीं, बल्कि सुरक्षित, स्मार्ट और आधुनिक सार्वजनिक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित करना है। सभी बस शेल्टरों पर रियल टाइम बस सूचना उपलब्ध होगी, जिससे यात्रियों को बसों के आगमन और रूट की सटीक जानकारी मिल सकेगी।

सिंगापुर और लंदन के मॉडल से मिलेगी प्रेरणा

इस परियोजना की रूपरेखा तैयार करने से पहले परिवहन विभाग को दिल्ली-एनसीआर, बेंगलुरु और नवी मुंबई के साथ-साथ सिंगापुर और लंदन के आधुनिक बस शेल्टरों का अध्ययन करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं मॉडलों को ध्यान में रखते हुए दिल्ली में विश्वस्तरीय बस क्यू शेल्टर विकसित किए जाएंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News