उदयपुर में शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी की 37वीं जयंती मनाई गई

 | 
Shaheed Abhinav Nagori

 

Udaipur Times, Shaheed Abhinav Nagori: शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी की 37वीं जन्म जयंती गुरुवार को भुवाणा स्थित शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में श्रद्धा, सम्मान और देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में शहीद के साहस, त्याग और राष्ट्रसेवा को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे माता श्रीमती सुशीला नागोरी की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन एवं पुष्पांजलि के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं एवं गणमान्य नागरिकों ने शहीद को नमन करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। शहीद परिवार की ओर से सभी विद्यार्थियों को अभिनव अभ्यास पुस्तिका का वितरण किया गया, जिससे विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने का संदेश दिया गया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष सोनी ने कहा कि शहीद लेफ्टिनेंट अभिनव नागोरी इस विद्यालय का गौरव हैं। उनके आदर्शों पर चलकर ही विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित की जा सकती है। उनका बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। शहीद के पिता एवं पूर्व शिक्षा उपनिदेशक धर्मचंद नागोरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अभिनव ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में मेहनत कर देश और समाज का नाम रोशन करें, यही शहीद के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने शहीद अभिनव नागोरी के अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यालय परिसर जय हिंद और भारत माता की जय के गगनभेदी नारों से देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के अंत में व्याख्याता राकेश आमेटा ने आभार व्यक्त किया तथा सभी ने शहीद लेफ्टिनेंट पायलट अभिनव नागोरी को शत-शत नमन करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News