हरियाणा में 1.70 करोड़ रुपये से बनेंगे 5 नए स्वास्थ्य केंद्र, मंत्री आरती सिंह राव का बड़ा ऐलान

 | 
हरियाणा में 1.70 करोड़ रुपये से बनेंगे 5 नए स्वास्थ्य केंद्र, मंत्री आरती सिंह राव का बड़ा ऐलान 

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को घर के समीप बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं अर्ध-शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी), उप-स्वास्थ्य केंद्रों (एसएचसी) तथा ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स (बीपीएचयू) का सुदृढ़ीकरण करने से आमजन के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच को और अधिक मजबूत करेगा।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि करनाल के पोपरा, उपलाना और जलमाना में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तथा यमुनानगर के चमरोड़ी में उप-स्वास्थ्य केंद्र और प्रताप नगर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण कार्यों की संशोधित आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए 170.32 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर की गई है ताकि इन परियोजनाओं को और अधिक गति मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को शीघ्र ही इन स्वास्थ्य संस्थानों का लाभ मिल सके। 

इस संबंध में आगे जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने बताया कि संबंधित जिलों के सिविल सर्जनों से ये संशोधित रफ कॉस्ट एस्टिमेट प्राप्त हुए हैं, जिन्हें स्थल की आवश्यकताओं और संशोधित लागत आकलनों के आधार पर संबंधित जिला परिषदों के कार्यकारी अभियंताओं द्वारा तैयार किया गया है।

उन्होंने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यमुनानगर जिले के एसएचसी चमरोड़ी के निर्माण कार्य के लिए पूर्व में जारी 55.50 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति के मुकाबले संशोधित लागत 88.71 लाख रुपये आंकी गई है, जिसके लिए 33.21 लाख रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति अपेक्षित है। इसी प्रकार यमुनानगर के ही सीएचसी प्रताप नगर स्थित बीपीएचयू के लिए पूर्व में 50.00 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी, जिसकी संशोधित लागत 55.85 लाख रुपये होने पर 5.85 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता है।

इसके अतिरिक्त करनाल जिले की स्वास्थ्य सुविधाओं के अंतर्गत पीएचसी पोपरा के निर्माण कार्य के लिए 424.67 लाख रुपये की पूर्व प्रशासनिक स्वीकृति के मुकाबले संशोधित लागत 467.01 लाख रुपये हो गई है, जिसके लिए 42.34 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि अपेक्षित है। वहीं पीएचसी उपलाना के लिए 418.71 लाख रुपये की पूर्व स्वीकृति के स्थान पर संशोधित लागत 476.01 लाख रुपये होने से 57.3 लाख रुपये की अतिरिक्त स्वीकृति तथा पीएचसी जलमाना के लिए 435.18 लाख रुपये की पूर्व स्वीकृति के मुकाबले संशोधित लागत 466.80 लाख रुपये होने पर 31.62 लाख रुपये की अतिरिक्त राशि की आवश्यकता बताई गई है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News