5 वर्षीय बच्चे की पानी के टैंक में गिरकर मौत

घर के बाहर खेलते समय बच्चा टैंक में गिरा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा

 | 
“5-year-old boy tragically drowned in Gogunda after falling into an open water tank while playing outside”

उदयपुर 10 जनवरी 2026 - उदयपुर जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के भूताला के घाटा का भीलवाड़ा गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। जहां घर के बाहर खेल रहा 5 वर्षीय मासूम गणेश अचानक खुले पानी के टैंक में गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार गणेश घर के बाहर खेल रहा था। कुछ समय बाद जब वह घर में नजर नहीं आया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। आसपास खोजबीन के दौरान जब पानी के टैंक की ओर देखा गया तो मासूम का शव टैंक में तैरता हुआ मिला। इससे परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना प्रशासक मोहन सिंह राजपूत को दी गई, जिनकी सूचना पर गोगुंदा पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा।

पुलिस ने परिजनों की सहायता से मासूम के शव को पानी के टैंक से बाहर निकलवाया और गोगुंदा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मासूम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना के बाद गोगुंदा थाना अधिकारी श्याम सिंह चारण ने लोगों से अपील की है कि घरों के बाहर बने पानी के टैंकों को खुला न छोड़ें, ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद घटनाओं को रोका जा सके।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News