हरियाणा में रोडवेज बसों की हुई भीषण टक्कर, 6 यात्री हुए घायल
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के करनाल के बसताड़ा टोल के नजदीक शनिवार को हरियाणा रोडवेज की दो बसों में टक्कर हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसे में बस चालक सहित करीब 6 सवारियां घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना में हुई क्षतिग्रस्त बसों को क्रेन की मदद से हटवाया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, करनाल डिपो की बस पानीपत से करनाल की तरफ आ रही थी, जबकि हरियाणा रोडवेज झज्जर डिपो की एक बस चंडीगढ़ की तरफ जा रही थी। जब बसताड़ा टोल के पास बस के आगे दो गाड़ियां चल रही थीं। इस दौरान टोल के पास बस के आगे चल रही गाड़ियों ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसके बाद आगे चल रही रोडवेज बस ने भी ब्रेक लगाए। जैसा की बताया जा रहा है उस बस के पीछे से आ रही करनाल डिपो की बस के ब्रेक नहीं लग पाए और चंडीगढ़ जा रही झज्जर डिपो की बस में जा टकराई।
बताया जा रहा है की टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में बस चालक समेत 6 सवारियां घायल हो गईं।
घटनास्थल पर पहुंचे पुलिसकर्मी महेंद्र सिंह ने बताया कि झज्जर डिपो की बस से हरियाणा रोडवेज की दूसरी बस टकराने से हादसा हुआ है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
