Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा से बड़ी खबर सामने आई है। हरियाणा के करनाल में CIA-2 की कस्टडी में जितेंद्र राणा उर्फ जैकी (32) की मौत के मामले में एसपी करण गोयल ने CIA-2 इंचार्ज इंस्पेक्टर प्रवीण शर्मा सहित 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, इनमें एएसआई राजेंद्र, हेड कांस्टेबल संदीप, एएसआई संजय, हेड कांस्टेबल प्रवीन और विकास शामिल हैं।
एसपी ने बताया कि जितेंद्र की मौत के मामले में केस दर्ज किया गया है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाएगी। जितेंद्र को घर से ले जाने में जिसकी भी भूमिका सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई होगी।
जानकारी के मुताबिक, जितेंद्र पर हत्या समेत करीब 13 मामले दर्ज थे। इनमें सबसे बड़ा मामला 31 अगस्त 2019 को स्टौंडी गांव में हुए संदीप हत्याकांड का था। वह इस मामले में करीब 10 साल जेल में रहा और 8 महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
वहीं दूसरी और परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया है। मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों की मांग है कि जितेंद्र को घर से उठाकर ले जाने वाले सभी 6 पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए और परिवार को मुआवजा दिया जाए।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट नहीं आने के कारण मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हार्ट अटैक से मौत होने की बात कह रही है, जबकि परिजनों ने इस दावे पर सवाल उठाए हैं।
जानकारी के मुताबिक, परिवार का दावा है कि जितेंद्र पिछले कुछ समय से सुधर गया था। कहीं आने-जाने से बचता था और कोर्ट में पेशी की कोई तारीख भी नहीं तोड़ी थी। करीब 8 महीने पहले जमानत पर बाहर आने के लगभग 3 महीने बाद उसने लव मैरिज कर ली थी। वह रिफाइनरी में नौकरी तलाश रहा था, लेकिन काम नहीं मिल पा रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि नौकरी मिलने पर वह घर की आर्थिक स्थिति सुधारने में मदद करेगा।
परिजनों ने CIA-2 कर्मचारियों पर जितेंद्र के भाई शुभम को बार-बार उठाने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि शुभम के खिलाफ कोई मामला नहीं था, फिर भी पुलिसकर्मी उसे घर से ले जाते थे। आरोप है कि उसे छोड़ने के बदले 2 से 3 लाख रुपए तक मांगे जाते थे। परिवार का दावा है कि उन्होंने कई बार पैसे भी दिए।
मिली जानकारी के अनुसार, परिजनों ने बताया की करीब डेढ़ महीने बाद शुभम को फिर उठा लिया जाता और दोबारा पैसों की मांग की जाती थी। उसे कम से कम 5 से 6 बार ले जाने का आरोप है। शुभम विदेश जाकर काम करना चाहता था, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति सुधार सके। परिवार के पास करीब आधा एकड़ जमीन थी। परिजनों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों को पैसे देने में उनकी पूरी जमीन की कमाई खर्च हो गई। अब परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है।