हरियाणा में बनेंगे 70 नमो पार्क और हर जिले में ऑक्सी वन, हर गांवों में बनेंगी पंचवटी
Udaipur Times, Haryana News, करनाल : हरियाणा वासियों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। हर वर्ष दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में होने वाले प्रदूषण से निपटने के लिए अब प्रदेश सरकार हरियाली को बढ़ावा देगी। इस वित्त वर्ष में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 70 नमो पार्क स्थापित किए जाएंगे। करनाल की तर्ज पर हर जिले में पांच से 100 एकड़ के ऑक्सी वन और हर गांव में पंचवटी बनाई जाएगी।
इसके लिए प्रदेश सरकार योजना बना रही है। सीएम नायब सैनी ने बताया कि पंचवटी में छोटे-छोटे क्षेत्र में पौधे लगाकर उन्हें हरा भरा किया जाएगा जबकि नमो पार्क में स्थानीय लोगों को वॉकिंग और साइकिल ट्रैक जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी। प्राचीन पेड़ों के संरक्षण वाली प्राण वायु देवता योजना का भी विस्तार होगा।
वीरवार को करनाल के कुटेल में
राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्यथिति के रूप में पहुंचे सीएम नायब सैनी ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में स्थानीय प्रजाति के 1.40 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। एक माह में चार चरणों में 30 अगस्त तक पौधे रोपित होंगे।
58 हर्बल पार्क बन चुके
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वित्त वर्ष में प्रदेश में 1.32 करोड़ पौधे लगाए गए। 58 हर्बल पार्क भी विकसित किए गए। कुरुक्षेत्र के 134 तीर्थों पर पंचवटी वाटिकाएं विकसित की जा रही हैं। 1610 वन मित्र हरियाली बढ़ाने और पौधों के संरक्षण में अहम भूमिका निभा रहे हैं। प्राण वायु देवता योजना के तहत 5,360 वृक्षों के संरक्षण के लिए प्रति वृक्ष 3,000 रुपये वार्षिक प्रोत्साहन राशि दी जा रही है।
संजीवनी दे रहा करनाल का ऑक्सी वन बना मॉडल
कोरोना काल में पैदा हुई ऑक्सीजन की दिक्कत के बाद पूर्व सीएम मनोहर लाल ने करनाल में प्रदेश का पहला ऑक्सी वन स्थापित किया था। सेक्टर-4 के पास 80 एकड़ भूमि में करीब चार किलोमीटर लंबे इस ऑक्सीवन में आठ वन हैं। यहां औषधीय पौधे लगे हैं। इस प्रोजेक्ट को अब प्रदेश सरकार मॉडल बनाकर सभी जिलों में ऑक्सीवीन स्थापित करने जा रही है। सीएम ने बताया कि पंचकूला में ऑक्सीवन बनाने का काम चल रहा है। सोनीपत में 116 और यमुनानगर में 11 एकड़ में नगर वन बनाए हैं। अन्य जिलों में भी हरियाली बढ़ाएंगे।
