हरियाणा के गुरुग्राम समेत 4 जिलों में लगेंगे 775 ANPR कैमरे ! 41 करोड़ का बजट मंजूर, देखें क्या मिलेगा फायदा ?
Udaipur Times, Haryana News, चण्डीगढ़ : हरियाणा के परिवहन मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में परिवहन विभाग द्वारा ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे लगाए जाएंगे। योजना के प्रथम चरण में एनसीआर के प्रमुख जिलों गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में कुल 775 एएनपीआर कैमरे स्थापित किए जाएंगे, जिन पर लगभग 41 करोड़ 74 लाख रुपये की राशि खर्च होगी। इस संबंध में प्रस्तुत प्रस्ताव को हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने मंजूरी प्रदान कर दी है।
परिवहन मंत्री ने बताया कि जीवन-अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों (End-of-Life Vehicles—ELVs) की पहचान तथा पर्यावरणीय मानकों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए इन जिलों के एनसीआर क्षेत्रों में पेट्रोल पंपों पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस तकनीक के माध्यम से ऐसे पुराने वाहनों की प्रभावी पहचान की जा सकेगी और निर्धारित पर्यावरणीय प्रावधानों को लागू करने में मदद मिलेगी।
गुरुग्राम में 249, सोनीपत में 215, झज्जर में 195 और फरीदाबाद में 116 कैमरे होंगे स्थापित
परिवहन मंत्री ने बताया कि गुरुग्राम में 249, सोनीपत में 215, झज्जर में 195 तथा फरीदाबाद में 116 एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। इस प्रकार इन चार जिलों में कुल 775 कैमरे स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह कार्य वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (Commission for Air Quality Management—CAQM) द्वारा जारी निर्देशों के अनुरूप किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि प्रदेश में कुल लगभग 2,780 एएनपीआर कैमरे लगाए जाने की आवश्यकता है। इनमें से प्रथम चरण में एनसीआर के इन चार प्रमुख जिलों में 775 कैमरे स्थापित किए जा रहे हैं।
30 सितंबर तक कैमरे लगाने का लक्ष्य, 1 अक्टूबर से पुराने वाहनों को ईंधन की आपूर्ति नहीं
श्री विज ने कहा कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के अनुसार एएनपीआर कैमरों की स्थापना का कार्य 30 सितंबर, 2026 तक पूरा किया जाना है। इसके पश्चात 1 अक्टूबर, 2026 से हरियाणा में पंजीकृत जीवन-अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों को ईंधन की आपूर्ति नहीं की जानी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार निर्धारित समय-सीमा में कैमरों की स्थापना सुनिश्चित करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है, ताकि CAQM के निर्देशों की प्रभावी अनुपालना की जा सके।
एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मिलेगी मजबूती
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य एएनपीआर तकनीक के माध्यम से जीवन-अवधि पूर्ण कर चुके वाहनों की पहचान को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाना है। एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए CAQM द्वारा जारी निर्देशों की अनुपालना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि एएनपीआर कैमरों के माध्यम से पुराने वाहनों की पहचान की प्रक्रिया को प्रभावी बनाया जा सकेगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण संबंधी प्रावधानों के क्रियान्वयन और एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों को मजबूती मिलेगी।