NCR में बसेंगे 8 नए स्मार्ट सिटी, यूपी-हरियाणा और राजस्थान को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, NCR Regional Plan 2041 : दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती आबादी को कम करने और जाम से मुक्ति दिलाने के लिए सरकार नए 8 स्मार्ट सिटी को बसाने की तैयारी में जुटी हुई है। इस योजना के लिए एनसीआर प्लानिंग बोर्ड यानी NCRPB ने 20 लाख करोड़ रुपये का महाप्लान तैयार कर लिया है। इस प्लान का सफल होने से एनसीआर का पूरा भूगोल ही बदल जाएगा।
इस योजना का सबसे खास विजन है विजन '30 मिनट NCR'। इससे एनसीआर के इन शहरों में एक जगह से दूसरी जगह पहुंचने में महज 30 मिनट का वक्त लगेगा। इसके लिए मेट्रो से लेकर नमो भारत और हैली टैक्सी का विस्तार किया जाएगा।
क्या है NCRPB ने रीजनल प्लान-2041
एनसीआर के लिए NCRPB ने रीजनल प्लान-2041 तैयार किया है। इसके अंतर्गत 8 नए ग्रीनफील्ड टाउनशिप और एक हाई-स्पीड ट्रांसपोर्ट नेटवर्क बनाने का प्रस्ताव है।
इसका मुख्य उद्देश्य दिल्ली और NCR के बड़े शहरों के बीच 30 मिनट में यात्रा मुमकिन बनाना है। इस ड्राफ्ट प्लान के लिए 16 जून को NCRPB की बैठक में चर्चा होगी। इसमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में नए आर्थिक और रिहायशी हब बनाकर शहरी विकास को विकेंद्रीकृत करने की लंबी अवधि की रणनीति बताई गई है।
8 शहर मिक्स्ड लैंड यूज और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट पर होंगे विकसित
रीजनल प्लान के अंतर्गत NCR में बसाए जाने वाले इन 8 शहरों को मिक्स्ड लैंड यूज और ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) मॉडल पर विकसित किया जाएगा। इससे स्पष्ट है कि एनसीआर में जहां पर आपका घर होगा उसके बिल्कुल नजदीक यानी वॉक-टू-वर्क दूरी पर ही कॉर्पोरेट ऑफिस, औद्योगिक क्लस्टर, और कमर्शियल हब मौजूद होंगे।
ऐसे में लोग अपने घर से पैदल या साइकिल के जरिए चंद मिनटों में ऑफिस पहुंच सकेंगे, जिससे न तो सड़कों पर ट्रैफिक की समस्या होगी और न ही प्रदूषण बढ़ेगा। इसमें आपका घर, आपका ऑफिस, बच्चों का स्कूल और शॉपिंग मॉल सब इतने पास होंगे कि आपको गाड़ी निकालने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी।
एक्सप्रेसवे और रेल कॉरिडोर के किनारे बसाए जायेंगे ये शहर
एनसीआर के नए हाई-टेक शहर बेहतर ट्रांसपोर्ट कनेक्टिविटी से भी लैस रहेंगे। इन्हें KMP और ईस्ट्र्न पैरिफेरल जैसे नए एक्सप्रेसवे और ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर के किनारे बसाये जाने का प्लान है। इसके अंतर्गत उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के सब-रीजन में करीब 2 से 3 नए शहर बसाने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं।
