हरियाणा में सैनिक कल्याण विभाग में क्लर्क के 88 पद खाली, देखें पूरी जानकारी

 | 
हरियाणा में सैनिक कल्याण विभाग में क्लर्क के 88 पद खाली, देखें पूरी जानकारी 

Udaipur Times, Haryana News, नारनौल : राज्य के सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण विभाग में कर्मचारियों की कमी से विभागीय कामकाज प्रभावित हो रहा है। जिला कार्यालयों में क्लर्क के अधिकांश पद खाली होने के कारण कार्यरत कर्मचारियों पर काम का दबाव बढ़ गया है। हालात ऐसे हैं कि एक क्लर्क को चार से पांच जिलों का कार्यभार संभालना पड़ रहा है। 

विभाग के फील्ड कार्यालयों में क्लर्क के 95 पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से केवल सात पदों पर कर्मचारी कार्यरत हैं, जबकि 88 पद रिक्त पड़े हैं। कर्मचारियों की कमी का सीधा असर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रित परिवारों के कामकाज पर पड़ रहा है।

रेवाड़ी और नारनौल जैसे जिलों में, जहां सेवानिवृत्त सैनिकों की संख्या अधिक है, वहां इस समस्या का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। अतिरिक्त जिलों का कार्यभार होने के कारण कई क्लर्क एक जिले में सप्ताह में केवल एक दिन ही समय दे पाते हैं। ऐसे में लोगों को अपने काम के लिए इंतजार करना पड़ता है। वहीं, किसी कर्मचारी के अवकाश पर जाने या अन्य कारणों से अनुपस्थित रहने पर कार्यालय का कामकाज और अधिक प्रभावित हो जाता है।

पदोन्नति का भी बढ़ता जा रहा इंतजार

विभाग के फील्ड कार्यालयों में कार्यरत इन क्लर्कों में से कई की पदोन्नति भी होनी है। अब स्थिति यह है कि यदि विभाग इन क्लर्कों को पदोन्नति दे देता है तो इस पद के लिए भी जो क्लर्क है उसमें भी कम हो जाएगा। इसके चलते कर्मचारियों का भी पदोन्नति के लिए इंतजार बढ़ता जा रहा है। हालांकि विभागीय नियमों के तहत पदोन्नति की प्रक्रिया के लिए फाइल चली हुई है, लेकिन माना जा रहा है क्लर्कों के पद बड़ी संख्या में रिक्त होने के कारण ही यह रफ्तार धीमी है।

रिक्तियां संज्ञान में हैं, भर्ती के प्रयास कर रहे: राव नरबीर

सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि सैनिक-अर्धसैनिक कल्याण विभाग में रिक्त पदों का मामला संज्ञान में है। हम प्रयास कर रहे हैं भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करके कर्मचारियों की कमी को दूर किया जाए।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News