हरियाणा में यहां बनेगा 100 बिस्तरों का अत्याधुनिक ESIC अस्पताल, ICU सहित मिलेंगी अत्याधुनिक सुविधाएं
Udaipur Times, Haryana News, चंडीगढ़ : हरियाणा के श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी में कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) द्वारा 100 बिस्तरों के अत्याधुनिक अस्पताल की स्थापना के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर-33 में 5.18 एकड़ भूमि की रजिस्ट्री जल्द की जाएगी तथा इसके बाद भूमि का कब्जा भी शीघ्र ESIC को सौंप दिया जाएगा। अस्पताल के निर्माण से अंबाला सहित आसपास के क्षेत्रों और समीपवर्ती जिलों के लगभग 70 हजार बीमाकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
श्री अनिल विज आज चंडीगढ़ में ESIC, श्रम विभाग तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ अंबाला छावनी में प्रस्तावित 100 बिस्तरों के ESIC अस्पताल की स्थापना को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में उन्होंने परियोजना से संबंधित विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और अधिकारियों को अस्पताल के निर्माण से जुड़ी सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
ESIC अस्पताल की चारदीवारी का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा- विज
श्री विज ने बताया कि अंबाला छावनी में स्थापित होने वाले ESIC अस्पताल की चारदीवारी का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही अस्पताल भवन का नक्शा तैयार करने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर निविदाएं आमंत्रित की जाएंगी, ताकि निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में आगे बढ़ाया जा सके।
भूमि की रजिस्ट्री, कब्जा, चारदीवारी, भवन का नक्शा तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश- विज
बैठक में अधिकारियों ने श्री विज को अवगत कराया कि अंबाला छावनी के सेक्टर-33 में एचएसवीपी की 5.18 एकड़ भूमि पर ESIC द्वारा 100 बिस्तरों का अस्पताल स्थापित किया जाएगा। अस्पताल के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के संबंध में केंद्र सरकार द्वारा लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस पर, श्री विज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल की स्थापना से संबंधित आगामी सभी कार्यवाही में तेजी लाई जाए और भूमि की रजिस्ट्री, कब्जा, चारदीवारी, भवन का नक्शा तथा निर्माण कार्य के लिए निविदा प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए, ताकि बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को जल्द से जल्द इस अस्पताल का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की ओर से अंबाला छावनी में ESIC अस्पताल की स्थापना का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया था। केंद्र सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए भूमि के लिए लगभग 13 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। अस्पताल के स्थापित होने से अंबाला सहित आसपास के जिलों में रहने वाले लगभग 70 हजार बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
साहा औद्योगिक क्षेत्र और आसपास के जिलों के बीमाकृत श्रमिकों को मिलेगा सीधा लाभ - विज
श्रम मंत्री श्री अनिल विज ने कहा कि अंबाला छावनी और साहा औद्योगिक क्षेत्र सेक्टर-33 के आसपास स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। ऐसे में प्रस्तावित ESIC अस्पताल का लाभ साहा औद्योगिक क्षेत्र सहित अंबाला छावनी और आसपास के क्षेत्रों में कार्यरत हजारों बीमाकृत कामगारों तथा उनके आश्रितों को सीधे तौर पर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि यह अस्पताल अंबाला छावनी के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और समीपवर्ती जिलों के बीमाकृत श्रमिकों के लिए एक बड़ी स्वास्थ्य सुविधा साबित होगा। अस्पताल के स्थापित होने से मरीजों को उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
श्री विज ने कहा कि वे स्वयं इस महत्वपूर्ण परियोजना को जल्द साकार करने के लिए पिछले काफी समय से केंद्र सरकार और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि अंबाला छावनी में ESIC अस्पताल की स्थापना बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को बेहतर, समयबद्ध, सुलभ और मरीज-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल
ऊर्जा मंत्री श्री अनिल विज ने बताया कि प्रस्तावित 100 बिस्तरों वाला अस्पताल अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा। अस्पताल में आधुनिक प्रयोगशाला और नवीनतम चिकित्सा उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार की जांच और उपचार की सुविधाएं मिल सकेंगी। अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, एलएफटी, केएफटी, सीबीसी, लिपिड प्रोफाइल, यूरिन आरएम, ब्लड शुगर, एमआरआई, ईसीजी सहित रक्त एवं अन्य आवश्यक जांचों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे बीमाकृत व्यक्तियों को जांच के लिए अन्य स्वास्थ्य संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
इसके अलावा, अस्पताल में मेडिसिन, सर्जरी, प्रसूति एवं स्त्री रोग, बाल रोग, अस्थि रोग, ईएनटी, नेत्र रोग, त्वचा रोग, मनोरोग और आपातकालीन चिकित्सा जैसी प्रमुख विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। अस्पताल में 24×7 आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर, आधुनिक आईसीयू, उन्नत जांच सुविधाएं तथा इन-पेशेंट, आउट-पेशेंट और डे-केयर सेवाओं की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही इंडोर ट्रीटमेंट सहित मरीजों की आवश्यकतानुसार अन्य आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
श्री विज ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य बीमाकृत श्रमिकों और उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट उपलब्ध करवाना है, ताकि उन्हें समय पर उपचार मिल सके और गंभीर बीमारी की स्थिति में भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जा सकें।
बैठक में अधिकारियों ने श्रम मंत्री को बताया कि बहादुरगढ के ESIC अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरणों में हैं तथा राज्य के अन्य अस्पतालों व डिस्पैसरियों की प्रगति पर भी समीक्षा की गई है।
बैठक में श्रम विभाग के प्रधान सचिव श्री राजीव रंजन, श्रम आयुक्त विजय कुमार भावीकटी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की प्रशासक श्रीमती मोनिका गुप्ता, ESIC के क्षेत्रीय निदेशक श्री हरिओम प्रकाश, ईएसआईएस की निदेशक श्रीमती अंजलि सचदेवा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।