हरियाणा में 11709 करोड़ से बिछेगी 126 KM लंबी रेल लाइन, जाने पूरा प्लान ?

 | 
हरियाणा में 11709 करोड़ से बिछेगी 126 KM लंबी रेल लाइन, जाने पूरा प्लान ?

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (एचओआरसी) के निर्माण की प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ेगी। बादली से बहादुरगढ़ होते हुए सोनीपत के हरसाना कलां रेलवे स्टेशन तक कॉरिडोर के निर्माण के लिए अब हरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचआरआईडीसी) ने टेंडर लगा दिया है।

कॉरिडोर के अंतिम सेक्शन सी-6 के तहत किलोमीटर 94 से 126 तक के निर्माण कार्यों पर करीब 618 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस सेक्शन में रेलवे ट्रैक, पुल, सड़क, प्लेटफॉर्म, भवन, बिजली और सिग्नलिंग सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। केएमपी के साथ सोनीपत से पलवल तक करीब 126 किलोमीटर लंबे करीब 11,709 करोड़ रुपये की इस प्रोजेक्ट को वर्ष 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

पुलों के स्टील कार्य पर खर्च होंगे 179 करोड़ 

टेंडर के वित्तीय दस्तावेज के अनुसार निर्माण कार्यों के लिए शेड्यूल-बी में 603.58 करोड़ रुपये का प्रावधान है। इसमें सबसे अधिक 179.49 करोड़ रुपये पुलों के स्टील गर्डर और अन्य स्टील कार्यों पर खर्च होंगे। पुलों के आरसीसी एवं पीएससी निर्माण पर 71.53 करोड़ और पाइल व वेल फाउंडेशन के लिए 49.36 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।

सड़क, प्लेटफॉर्म और भवन भी बनेंगे

सी-6 सेक्शन में सड़क एवं प्लेटफॉर्म निर्माण पर 39.70 करोड़ रुपये, भवन निर्माण पर 12.37 करोड़ और जमीन की क्षमता बढ़ाने के कार्यों पर 7.95 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। पुलों के अन्य विविध कार्यों, बेयरिंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिए भी अलग-अलग बजट निर्धारित किया गया है।

7 लाख घन मीटर से अधिक मिट्टी की होगी भराई

रेलवे ट्रैक के तटबंध निर्माण के लिए 7,04,853 घन मीटर मिट्टी और 83,783 घन मीटर ब्लैंकेटिंग सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। पुलों के निर्माण में 28,922 रनिंग मीटर पाइलिंग होगी। इसके अलावा 6,930 मीट्रिक टन ओपन वेब गर्डर और 1,536 मीट्रिक टन अन्य स्टील प्लेट एवं गर्डर का प्रावधान है। निर्माण कार्यों में 130.75 करोड़ कीमत की 1.69 करोड़ किलोग्राम से अधिक सरिया इस्तेमाल होगा।

कॉरिडोर के सी-6 सेक्शन के विकास कार्यों को लेकर टेंडर लगा दिया है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू किया जाएगा।
-विशाल गुप्ता, मुख्य परियोजना अधिकारी, एचआरआईडीसी

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News