हरियाणा में यहां बनेगा 2 KM लंबा मेगा फ्लाईओवर ! लोगों को मिलेगा ये बड़ा फायदा
Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा वासियों के लिए अच्छी खबर सामने आई है। हरियाणा के हिसार में नेशनल हाईवे-9 पर सिरसा चुंगी से लेकर बगला रोड तक ट्रैफिक जाम और हादसों को रोकने के लिए 2 किलोमीटर लंबा मेगा फ्लाईओवर प्रस्तावित किया गया है। यह परियोजना काफी लंबे समय से चर्चा में रहने के बाद अब धरातल पर उतरती दिखाई दे रही है।
मिली जानकारी के अनुसार, NHAI ने इस प्रोजेक्ट पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। पहले चरण में सर्वेक्षण के साथ-साथ जियोटेक्निकल जांच, ट्रैफिक अध्ययन, कार्यकारी ड्रॉइंग और फिजिबिलिटी स्टडी तैयार की जा रही है। इन्हीं के आधार पर प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और अंतिम लागत अनुमान तैयार किया जाएगा।
जानकारी के लिए बता दें कि इस मेगा फ्लाईओवर की शुरुआत ब्लू बर्ड झील के पास से होगी और यह बगला रोड तक पहुंचेगा। यह पूरी तरह 6-लेन का डबल फ्लाईओवर होगा। फ्लाईओवर के साथ दोनों तरफ चौड़ी सर्विस रोड भी बनाई जाएंगी, ताकि वाहनों को आने-जाने में कोई दिक्कत न हो।
हादसों पर लगेगा लगाम
यह प्रोजेक्ट सिरसा चुंगी और बगला रोड जंक्शन पर होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में मील का पत्थर साबित होगा। सिरसा की ओर से आने वाले वाहन बिना किसी कट या लालबत्ती के सीधे फ्लाईओवर के ऊपर से दिल्ली की तरफ निकल सकेंगे।
आपस में जुड़ेंगे ये 4 बड़े मार्ग
फ्लाईओवर का डिजाइन हांसी बाइपास (दिल्ली की ओर) स्थित आधुनिक मल्टी-लेवल फ्लाईओवर की तर्ज पर तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही सिरसा चुंगी पर एक बड़ा और आधुनिक गोलचक्कर विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से सेक्टर-14 और 33 के लिए प्रस्तावित नई सड़क, बस स्टैंड से आने वाला मुख्य मार्ग, बगला रोड और हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी रोड आपस में जुड़ेंगे।
