हरियाणा में 340 करोड़ की लागत से बनेगा 2.75 KM लंबा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, देखें किन शहरों को मिलेगा फायदा ?

 | 
हरियाणा में 340 करोड़ की लागत से बनेगा 2.75 KM लंबा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर, देखें किन शहरों को मिलेगा फायदा ?

Udaipur Times, Haryana news : हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने नूंह जिले के सोहना क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात देते हुए सोहना चौक पर 2.75 किलोमीटर लंबे 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए 340.78 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत किए जाने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है।

उन्होंने कहा कि एनएच-919 और एनएच-248ए के जंक्शन पर बनने वाला यह एलिवेटेड कॉरिडोर सोहना में यातायात व्यवस्था को नई गति देगा। इससे गुरुग्राम-नूंह के बीच गुजरने वाले ट्रैफिक को स्थानीय एवं क्रॉस ट्रैफिक से अलग किया जा सकेगा और वाहनों को अधिक सुगम एवं निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलेगी।

श्री गंगवा ने कहा कि क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात और तेजी से हो रहे शहरीकरण को देखते हुए यह परियोजना बेहद महत्वपूर्ण है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से सोहना चौक पर यातायात का दबाव कम होगा, सड़क क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों के समय की बचत होगी। साथ ही, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और केएमपी एक्सप्रेस वे से क्षेत्र की कनेक्टिविटी और बेहतर होगी।

मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि हरियाणा में मजबूत और आधुनिक सड़क नेटवर्क तैयार करना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इस परियोजना से न केवल वर्तमान यातायात व्यवस्था को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को देखते हुए भी बेहतर सड़क कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने इस महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी प्रदान करने के लिए केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सड़क बुनियादी ढांचे को लगातार नई मजबूती मिल रही है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News