710 करोड़ रुपये की लागत से 39.57 KM लंबा फोरलेन कॉरिडोर हुआ तैयार, देखें किन-किन शहरों को मिलेगा फायदा ?
Udaipur Times, Four Lane Cooridor : सरकार द्वारा जाम की समस्या को हल करने के लिए नये- नये कदम उठाये जा रहे हैं। इसी के चलते भोपाल-कानपुर कॉरिडोर पर मोहारी से सतई घाट के बीच 39.57 किलोमीटर लंबी सड़क को फोरलेन में तैयार हो चुका है। मिली जानकारी के अनुसार, करीब 710 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस मार्ग के शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पहले पहाड़ी और घाटी वाले इस रास्ते को पार करने में डेढ़ से दो घंटे लगते थे, जबकि अब यह सफर करीब 40 मिनट में पूरा होने का अनुमान है।
जानकारी के मुताबिक, बुंदेलखंड के इस मार्ग पर पहले संकरी सड़क, तीखे मोड़ और एस-बेंड होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। पहाड़ी ढलानों के कारण भारी वाहनों को निकलने में कठिनाई होती थी और कई बार जाम की स्थिति बन जाती थी।
मोहारी-सतई घाट मार्ग सागर-छतरपुर-कबरई सड़क का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसके तैयार होने से मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र का उत्तर प्रदेश के महोबा, बांदा और कानपुर से सड़क संपर्क बेहतर होगा। इससे यात्रियों के साथ मालवाहक वाहनों को भी लाभ मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, परियोजना के तहत मुख्य सड़क के अलावा 26 किलोमीटर सर्विस और स्लिप रोड बनाई गई हैं। हीरापुर बायपास, एक ट्रक ले-बाय, 19 बस शेल्टर और 22 जंक्शन भी विकसित किए गए हैं। सड़क पर 61 पुलिया, 10 छोटे पुल और तीन बड़े पुल बनाए गए हैं। यातायात की सुविधा के लिए आठ व्हीकुलर अंडरपास, पांच हल्के वाहनों के अंडरपास और एक ओवरपास भी तैयार किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, भोपाल-कानपुर कॉरिडोर के अन्य हिस्सों में भी अलग-अलग पैकेज के तहत निर्माण कार्य जारी है। भोपाल से विदिशा, सागर और छतरपुर होते हुए उत्तर प्रदेश सीमा तक सड़क विकसित की जा रही है। कुछ हिस्सों का निर्माण पूरा हो चुका है, जबकि बाकी बचे हिस्से पर काम चल रहा है। जानकारी के अनुसार, इस पूरे कॉरिडोर के तैयार होने के बाद भोपाल से कानपुर की यात्रा का समय मौजूदा 12 से 13 घंटे से घटकर सात से आठ घंटे होने का अनुमान है। इसी तरह सागर से खजुराहो का सफर चार से साढ़े चार घंटे के बजाय दो से ढाई घंटे और सागर से छतरपुर की यात्रा साढ़े तीन से चार घंटे के बजाय डेढ़ से दो घंटे में पूरी हो सकेगी।