यहां बनने जा रहा है 5.8 KM लंबा आउटर रिंग रोड, लोगों को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, Ghaziabad New Outer Ring Road: गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन में सिटी फ़ॉरेस्ट को दुहाई से जोड़ने वाली आउटर रिंग रोड बनाने तैयारियां तेज हो गई है। इसको लेकर गाजियाबाद डेवलपमेंट अथॉरिटी (GDA) ने प्रोजेक्ट के लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि इस सड़क के बनने से ट्रैफ़िक जाम की समस्या कम होगी।
गौरतलब है कि राजनगर एक्सटेंशन में 63 से अधिक हाउसिंग सोसायटियां हैं। यहां की आबादी की बात करें तो वो 2 लाख से ज़्यादा है। अभी यह इलाका एक ही मुख्य रास्ते पर निर्भर है जो एलिवेटेड रोड और GT रोड के माध्यम से दिल्ली-मेरठ रोड से जुड़ता है। इस रास्ते पर गाड़ियों का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिससे अक्सर जाम लगता है। गाज़ियाबाद, मुरादनगर, मोदीनगर और मेरठ से दिल्ली और नोएडा जाने वाले लोग हिंडन एयर फ़ोर्स स्टेशन और एलिवेटेड रोड होते हुए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। इसलिए यहां काफी जाम की समस्या बनी रहती है।
5.8 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू
इस समस्या को समाधान करने के लिए, GDA 45 मीटर चौड़ी आउटर रिंग रोड बनाने की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि सिटी फ़ॉरेस्ट को दुहाई से जोड़ने वाली लगभग 5.8 किलोमीटर लंबी सड़क के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इच्छुक एजेंसियां और कंपनियां 18 अगस्त तक अपने आवेदन जमा कर सकती हैं। इसके बाद, 20 अगस्त को औपचारिक टेंडर जारी किया जाएगा और सड़क बनाने के लिए एक एजेंसी चुनी जाएगी।
आउटर रिंग रोड के साथ एक सर्विस रोड भी बनेगी
GDA अधिकारियों ने बताया कि इस रास्ते से वाहन चालक सिटी फ़ॉरेस्ट के पास से सीधे NPR (नॉर्दर्न पेरिफेरल रोड) की ओर जा सकेंगे। मुख्य आउटर रिंग रोड के साथ एक सर्विस रोड भी बनाई जाएगी ताकि स्थानीय निवासियों को अपनी गाड़ियां चलाने में किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।
प्रोजेक्ट पर GDA का 90.91 करोड़ रुपये खर्च होगा
अधिकारियों ने बताया कि यह सड़क नूरनगर, मोर्टी, अतौर, भोवापुर, मोर्टा और शाहपुर निज मोर्टा से होकर गुज़रेगी। इस प्रोजेक्ट पर GDA का कुल खर्च ₹90.91 करोड़ होगा। प्रोजेक्ट में सड़क के किनारे नालियां, डिवाइडर, सीवरेज सिस्टम और फ़ुटपाथ बनाना भी शामिल है। सड़क को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि जलभराव की कोई समस्या न हो।
मधुबन बापूधाम स्कीम के पॉकेट C का नज़ारा बदल जाएगा
गाज़ियाबाद की मधुबन बापूधाम स्कीम के पॉकेट C का नज़ारा जल्द ही बदलने वाला है। अथॉरिटी ने इस इलाके में एक गोल चक्कर (roundabout) बनाने और उसे सुंदर बनाने के लिए 4.48 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है। चुनी गई एजेंसी को यह काम 360 दिनों के अंदर पूरा करना होगा। इस प्रोजेक्ट से स्थानीय लोगों को सबसे ज़्यादा फ़ायदा होगा। गोल चक्कर बनने से ट्रैफ़िक आसानी से चलेगा, जाम की समस्या कम होगी और दुर्घटनाओं का ख़तरा भी घटेगा।
रात में बेहतर लाइटिंग और हरियाली से यह इलाका ज़्यादा सुरक्षित और आकर्षक बनेगा। GDA के चीफ़ इंजीनियर आलोक रंजन ने कहा कि यह पहल मधुबन बापूधाम को एक व्यवस्थित रिहायशी इलाके के तौर पर विकसित करने की दिशा में एक अहम कदम है। इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 4.48 करोड़ रुपये है। टेंडर 18 अगस्त तक जमा करने हैं और टेक्निकल बिड 20 अगस्त को खोली जाएंगी।
