EPFO का बड़ा तोहफा ! पुराने PF खाते का पैसा निकालना अब होगा आसान, जाने कैसे ?
Udaipur Times, EPFO New Portal : पुराने कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खातों में जमा रकम निकालने की प्रक्रिया अब और आसान होने जा रही है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने आधार प्रमाणीकरण (Aadhaar Authentication) पर आधारित एक नया ई-पोर्टल तैयार किया है। इसकी जानकारी केंद्रीय श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने लोकसभा में दी।
यह नया पोर्टल पुराने और निष्क्रिय (Inactive) PF खातों में जमा राशि को खोजने, उसे मौजूदा यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) में ट्रांसफर करने और जरूरत पड़ने पर क्लेम करने की सुविधा देगा।
कैसे काम करेगा नया पोर्टल?
नया ई-पोर्टल सदस्य की पहचान की पुष्टि आधार प्रमाणीकरण के जरिए करेगा। पहचान सत्यापित होने के बाद कर्मचारी अपने निष्क्रिय PF खाते की जानकारी देख सकेंगे और उसमें जमा राशि को सुरक्षित तरीके से अपने मौजूदा UAN में ट्रांसफर कर पाएंगे। इसके अलावा, पुराने PF खाते में जमा राशि का ऑनलाइन क्लेम भी किया जा सकेगा।
हालांकि, यह सुविधा फिलहाल केवल उन्हीं लोगों के लिए उपलब्ध होगी, जिनके पास अपने पुराने PF खाते की सही जानकारी मौजूद है।
जिनके पास पुराना PF नंबर नहीं, उन्हें अभी नहीं मिलेगी सुविधा
लोकसभा में सांसद श्रीकंदन द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या सरकार उन लोगों को भी इस पोर्टल का लाभ देगी जिन्हें अपना पुराना PF नंबर या पहचान संबंधी जानकारी याद नहीं है, मंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल ऐसा कोई प्रस्ताव सरकार के विचाराधीन नहीं है।
क्या होंगे फायदे?
नई व्यवस्था से कागजी कार्रवाई में काफी कमी आएगी और अधिकांश प्रक्रिया बिना किसी मानवीय हस्तक्षेप के पूरी हो सकेगी। KYC अपडेट के लिए संयुक्त घोषणा पत्र (Joint Declaration Form) भी डिजिटल रूप से जमा किया जा सकेगा।
इससे पुराने निष्क्रिय EPF खातों का निपटारा तेज, पारदर्शी और आसान होगा। खासकर बार-बार नौकरी बदलने वाले कर्मचारियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने और लंबी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
अलग पोर्टल की जरूरत क्यों पड़ी?
UAN प्रणाली लागू होने से पहले या नौकरी बदलने के दौरान कई कर्मचारी अपने पुराने PF खाते की जानकारी भूल जाते थे। ऐसे में उनका पैसा लंबे समय तक निष्क्रिय खातों में पड़ा रहता था। नए पोर्टल का उद्देश्य ऐसे खातों को ढूंढ़ना, राशि ट्रांसफर करना और क्लेम की प्रक्रिया को सरल बनाना है।
