केंद्र सरकार की बड़ी सौगात ! 4288 करोड़ में यहां बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल, 1041 करोड़ से बदलेगी डाक संचालन की तस्वीर

 | 
केंद्र सरकार की बड़ी सौगात ! 4288 करोड़ में यहां बनेगा दूसरा कंटेनर टर्मिनल, 1041 करोड़ से बदलेगी डाक संचालन की तस्वीर 

Udaipur Times, New Delhi : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने आज निर्माण और अवसंरचना उपकरण- सीआईई विनिर्माण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 11 हजार करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी है। नई दिल्ली में मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी देते हुए सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य निर्माण और बुनियादी ढांचा उपकरणों तथा उनके कलपुर्जों का देश में ही उत्पादन बढ़ाना और इनके परीक्षण के लिए विशेष सुविधा स्थापित करना है। इससे इस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ेगी और वैश्विक बाजार में भारत की स्थिति मजबूत होगी। इस योजना की अवधि 8 वर्ष यानि वर्ष 2026-27 से 2033-34 तक होगी। श्री वैष्णव ने बताया कि योजना में सात श्रेणियों के उपकरण शामिल किए गए हैं, जिनका आयात पूरी तरह या बड़े पैमाने पर किया जाता है। इनमें टनल बोरिंग मशीनें, ऑफ-हाईवे ट्रक, एक्सकेवेटर, क्रेन, लोडर, पाइलिंग रिग और ड्रिलिंग मशीनें शामिल हैं।

मंत्रिमंडल ने तमिलनाडु के कामराजर पोर्ट लिमिटेड में दूसरे कंटेनर टर्मिनल के विकास को मंजूरी दी। श्री वैष्णव ने बताया कि सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी पीपीपी मॉडल के तहत विकसित होने वाली इस परियोजना पर चार हजार 288 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी। इसका निर्माण एक सौ 11 एकड़ क्षेत्र में किया जाएगा और इसकी वार्षिक क्षमता 20 फुट के 20 लाख कंटेनर संभालने की होगी। उन्होंने कहा कि इस टर्मिनल से बंदरगाह की कंटेनर और ट्रांसशिपमेंट कार्गो संभालने की क्षमता बढ़ेगी। इससे तमिलनाडु, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश को लाभ होगा। चेन्नई, श्रीपेरंबदूर, ओरगडम, होसुर, बेंगलुरु, श्री सिटी और तिरुपति जैसे औद्योगिक केंद्रों से आने वाले माल की आवाजाही को भी सुविधा मिलेगी।

इसके अलावा, मंत्रिमंडल ने असम के सिलचर स्थित डोलू में ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे के विकास को मंज़ूरी दी। इसके लिए दो हजार 14 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत को मंजूरी दी गई है। श्री वैष्णव ने बताया कि सिलचर का मौजूदा हवाई अड्डा रक्षा भूमि से घिरा होने के कारण विस्तार और संचालन संबंधी कई सीमाओं का सामना कर रहा है। नए हवाई अड्डे से यात्रियों की बढ़ती संख्या की जरूरतों को पूरा किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि प्रस्तावित टर्मिनल भवन 12 हजार वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्र में बनाया जाएगा। इसमें व्यस्ततम समय के दौरान एक घंटे में 800 यात्रियों को संभालने की क्षमता होगी। इसे आधुनिक यात्री सुविधाओं, पर्यावरण अनुकूल निर्माण और भविष्य में विस्तार की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। श्री वैष्णव ने कहा कि रणनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण यह हवाई अड्डा दक्षिण असम और पड़ोसी राज्यों के आसपास के क्षेत्रों में हवाई यातायात की बढ़ती जरूरतों को पूरा करेगा।

मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक डाक संचालन योजना जारी रखने को भी मंजूरी  दी। इसके लिए एक हजार 41 करोड़ रुपये का परिव्यय निर्धारित किया गया है। श्री वैष्णव ने बताया कि योजना का उद्देश्य डाक नेटवर्क का आधुनिकीकरण, पार्सल और डाक सेवाओं को मजबूत करना, ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाना और नागरिकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है। मंत्रिमंडल ने डाक विभाग की संपदा प्रबंधन योजना को भी जारी रखने की मंजूरी दी है। इसके लिए एक हजार 491 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। श्री वैष्णव ने बताया कि इस योजना के तहत डाक विभाग के भवनों और अन्य संपत्तियों का व्यापक आधुनिकीकरण किया जाएगा। इसमें डाकघरों और आवासीय परिसरों का निर्माण, पुनर्निर्माण और नवीनीकरण शामिल है।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News