भारत में यहां खुलेगा 'चीन जैसा' बड़ा बाजार ! 3 इंटरनेशनल ट्रेड सेंटर होंगे विकसित
Udaipur Times, Noida Development : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास बड़े पैमाने पर व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए तीन अंतरराष्ट्रीय बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर विकसित करने की तैयारी की जा रही है। चीन की तर्ज पर सेक्टर-7, 8 और 8A में विकसित किए जायेंगे। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र को एक बड़े थोक व्यापार और कारोबारी केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिससे रोजगार के हजारों नए अवसर भी पैदा होंगे।
इस ट्रेड सेंटर की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि यहां एक ही छत के नीचे देशभर में बनने वाली हर एक चीज मिलेगी। इससे व्यापारियों और ग्राहकों दोनों को बड़ी सुविधा मिलने वाली है। इससे अब अलग-अलग शहरों में जाकर सामान ढूंढने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, मेडिकल डिवाइस जैसे सभी चीजें एक ही जगह पर आसानी से मिल जाएंगी।
चीन के Yiwu मार्केट से मिली प्रेरणा
प्रस्तावित ट्रेड सेंटर का मॉडल चीन के मशहूर Yiwu International Trade City पर आधारित है, जिसे दुनिया के सबसे बड़े थोक बाजारों में गिना जाता है। यहां एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के उत्पाद उपलब्ध होते हैं, जिससे कारोबारियों और खरीदारों को अलग-अलग शहरों में जाने की जरूरत नहीं पड़ती।
देश में पहली बार मिलेगा होलसेल हब
देश में भारत में अभी तक इलेक्ट्रॉनिक्स के लिए नेहरू प्लेस, कपड़ों के लिए चांदनी चौक और फर्नीचर के लिए सहारनपुर जैसे अलग-अलग उत्पादों के लिए अलग-अलग बाजार हैं। लेकिन अभी तक तक ऐसा कोई केंद्र नहीं था जहां सभी प्रकार के उत्पाद एक साथ उपलब्ध हों। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) अब इस कमी को दूर करने जा रहा है। उत्तर प्रदेश सरकार की पहल पर इस ग्लोबल होलसेल मार्कट की योजना बनाई गई है।
20-20 एकड़ में विकसित होंगे ट्रेड पार्क
अधिकारियों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, हर बिजनेस एंड ट्रेड सेंटर करीब 20 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया जा सकता है। YEIDA इन परिसरों को बेचने के बजाय किराये पर देने की योजना बना रहा है, ताकि बाजार की मांग के अनुसार उत्पाद श्रेणियों में बदलाव आसानी से किया जा सके।
बड़े पैमाने पर रोजगार और निवेश की उम्मीद
इस परियोजना से देश और विदेश के व्यापारियों को आकर्षित करने की उम्मीद है। साथ ही लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन, होटल, रिटेल और अन्य सेवाओं में बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
यिवु में 75 हजार से अधिक स्टाल
जानकारी के लिए आपको बता दें कि चीन का यिवु थोक बाजार में 75 हजार से अधिक स्टाल हैं। यहां से सबसे अधिक उत्पादोंं का निर्यात अमेरिका को होता है। दुनिया के कई देशों को यहां से माल का निर्यात होता है। इसमें फर्नीचर, आटोमोबाइल, फूल, खिलौने, ज्वैलरी से लेकर रेन कोट, छाता, सूटकेस, ताले, बिजली के उपकरण, किचन, बाथरूम, टेलीकाम, इलेक्ट्रानिक्स समेत हजारों उत्पाद आदि उपलब्ध हैं।
गौरतलब है कि जेवर में नया शहर बस रहा है, यहां अभी ज्यादातर जमीन खाली पड़ी है। एयरपोर्ट के नजदीक सेक्टर-7, 8 और 8ए औद्योगिक सेक्टर हैं, जबकि इनके अंदर व्यावसायिक गतिविधियों के लिए भी मास्टर प्लान में जगह बनाई गई है। एयरपोर्ट के नजदीक होने से पार्क को 20-20 एकड़ में विकसित करने और इन केंद्रों को बेचने के बजाय किराये पर देने की योजना है,इससे जिस उत्पाद की स्थिति खराब होगी, उसे हटाकर दूसरे उत्पाद को वहां जगह देने में आसानी होगी।
