हरियाणा के इस गांव में बनेगा 124 करोड़ रुपये से भव्य गुरु रविदास धाम, 125 फुट ऊंची प्रतिमा होगी स्थापित
चंडीगढ़ 25 नवंबर : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार गुरु रविदास जी के 'बेगमपुरा' के सपने को धरातल पर साकार करने के लिए दिन-रात समर्पित भाव से कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मूलमंत्र 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास' वास्तव में गुरु रविदास जी की समरसता और समानता की विचारधारा का ही आधुनिक और व्यावहारिक रूप है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को कुरुक्षेत्र के उमरी में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650 वीं पावन जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा के स्वागत समारोह कार्यक्रम में बोल रहे थे। इससे पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने यात्रा का उमरी में पहुंचने पर स्वागत किया और श्री गुरु रविदास महाराज की चरण पादुकाओं को सिर पर रखकर मंच तक पहुंचे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश वासियों को संविधान दिवस की बधाई व शुभकामनाएं देते हुए बाबा साहेब डा. भीम राव अंबेडकर और संविधान निर्माताओं को नमन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि समरसता संकल्प यात्रा का उद्देश्य संत गुरु रविदास जी के समानता, समरसता, सेवा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा विभिन्न वर्गों को सामाजिक एकता के सूत्र में पिरोना है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से आरंभ हुई यह यात्रा 16 दिनों में लगभग 2,402 किलोमीटर का सफर तय करेगी। यह यात्रा हरियाणा के 8 जिलों से होते हुए 3 दिसंबर को गुरु जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी पहुंचेगी।
उन्होंने कहा कि यह यात्रा गुरु रविदास जी के समता, भाईचारे, सामाजिक न्याय और सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय का जीवंत संदेश है। आज से साढ़े छह सौ वर्ष पूर्व, जब हमारा समाज तमाम तरह की कुरीतियों, ऊंच-नीच, भेदभाव और आडंबरों की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब काशी की पावन धरती पर एक ऐसे दिव्य सूर्य का उदय हुआ, जिसने अपने ज्ञान और भक्ति के प्रकाश से पूरे विश्व को आलोकित कर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय भक्ति परंपरा में संत रविदास जी का स्थान अद्वितीय है। गुरु रविदास जी संत के साथ-साथ महान समाज सुधारक, युग दृष्टा और मानवता के सच्चे पथप्रदर्शक थे। पंद्रहवीं-सोलहवीं शताब्दी के इस महान समाज सुधारक और कवि ने अपने वाणी और कर्म से समाज में व्याप्त विषमता, छुआछूत और भेदभाव के विरुद्ध सशक्त आवाज उठाई। उन्होंने कर्म की प्रधानता को सर्वोपरि माना। उनका प्रसिद्ध कथन 'मन चंगा तो कठौती में गंगा', आज भी हमें यह सिखाता है कि ईश्वर किसी बाहरी आडंबर में नहीं, बल्कि हमारे शुद्ध अंतःकरण, हमारी ईमानदारी और हमारे नेक कर्मों में वास करते हैं।
उन्होंने कहा कि गुरु रविदास महाराज जी ने हमें एक ऐसे आदर्श समाज की परिकल्पना दी थी, जिसे उन्होंने 'बेगमपुरा' का नाम दिया। बेगमपुरा अर्थात् एक ऐसा शहर, एक ऐसा स्थान, जहां कोई गम न हो, कोई दुख न हो, कोई चिंता न हो, जहां न कोई कर का भय हो, न किसी प्रकार का भेदभाव हो, और जहां हर व्यक्ति को समान अधिकार और सम्मान प्राप्त हो।
गांव उमरी में 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का होगा निर्माण
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार संतों एवं महापुरुषों की शिक्षाओं और विचारों को भावी पीढिय़ों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से सरकार द्वारा ‘संत-महापुरुष विचार सम्मान एवं प्रसार योजना’ चलाई जा रही है। इस कड़ी में गांव उमरी में 124 करोड़ रुपये की लागत से भव्य गुरु रविदास धाम का निर्माण करवाया जा रहा है। इस धाम में संत गुरु रविदास महाराज जी की 125 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह धाम उत्तर भारत में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सरकार ने हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का किया गठन
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा सरकार अंत्योदय की भावना के साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। अनुसूचित जाति के अधिकारों के संरक्षण के लिए हरियाणा राज्य अनुसूचित जाति आयोग का गठन किया गया है तथा प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी के पदों में 20 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है।
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी ने जीवनभर अपने कर्तव्य का किया निर्वहन : डा. अर्चना गुप्ता
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी ने जीवनभर अपने कर्तव्य का निर्वहन किया और सदैव प्रभु भक्ति में लीन रहकर समाज को सच्चाई, समानता एवं मानवता का मार्ग दिखाया। उन्होंने अपने विचारों और शिक्षाओं के माध्यम से पूरे समाज को ऊंच-नीच और जातिगत भेदभाव से ऊपर उठकर जीवन जीने का संदेश दिया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि संत गुरु रविदास जी के दिखाए मार्ग पर चलते हुए केंद्र एवं हरियाणा सरकार नई नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य कर रही है। उनका उद्देश्य महापुरुषों की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाना और एक समरस एवं समानतापूर्ण समाज का निर्माण करना है।
उमरी गांव में एक भव्य और दिव्य ‘गुरु रविदास धाम’ का होगा निर्माण : कृष्ण लाल पंवार
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के 650वें प्रकाश वर्ष के उपलक्ष्य में यह समरसता संकल्प यात्रा निकाली जा रही है। यह यात्रा 18 नवंबर को जालंधर के डेरा सचखंड बल्लां से शुरू हुई थी। यात्रा 16 दिनों में हरियाणा के 8 जिलों से होकर गुजरेगी और 3 दिसंबर को गुरु जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी पहुंचेगी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक यात्रा नहीं है, बल्कि गुरु रविदास जी के समता, भाईचारा, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक महान संकल्प है। उन्होंने बताया कि इसी उमरी गांव में एक भव्य और दिव्य ‘गुरु रविदास धाम’ का निर्माण किया जा रहा है। इस पावन धाम में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 125 फुट ऊंची भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
भारतीय संस्कृति के दर्शन को अनुभव करना हो तो श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन दर्शन अपने सामने रख लो : स्वामी ज्ञानानंद महाराज
गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि हरियाणा सरकार और केंद्र सरकार की प्रेरणा से जिस धर्म से, जिस भाव से तीर्थों का सम्मान, भारत की सनातन परंपराओं का सम्मान और भारत के महापुरुषों के जयंती दिवस को राष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाने का संकल्प लिया है, वह महापुरुषों की दिव्यता के सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार ने संकल्पित भाव से, सद्भावना के साथ, एक संकल्प के साथ समर्पित भूमिका निभाते हुए श्री गुरु रविदास जी महाराज के दिव्य संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज भारतीय संस्कृति का जीवंत दर्शन हैं। यदि भारतीय संस्कृति के दर्शन को अनुभव करना हो, प्रत्यक्ष देखना हो तो श्री गुरु रविदास जी महाराज का जीवन दर्शन अपने सामने रखना चाहिए। वह जीवन दर्शन ही नहीं, वह जीवन का एक दर्पण भी है, जहां साक्षात दिखेगा और अनुभव होगा कि एक सामान्य धरातल पर भी सांस्कृतिक दिव्यता, प्रतिभा और अध्यात्म किस रूप में प्रकट हो सकती है।
कार्यक्रम को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में ये गणमान्य रहे मौजूद
इस मौके कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा, पूर्व मंत्री सुभाष सुधा, विधायक सतपाल जांबा, चेयरमैन रविंद्र सांगवान, चेयरमैन गुरनाम सिंह सैनी, चेयरमैन सुभाष कलसाना, चेयरपर्सन कंवलजीत कौर, चेयरपर्सन माफी ढांडा, सहित अनेक संत-महात्मा, गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।