NHAI की बड़ी सौगात ! UER-2 और ग्रीनफील्ड हाईवे जुडने से अब चंडीगढ़-हरियाणा से दिल्ली पहुंचना होगा आसान

 | 
NHAI की बड़ी सौगात ! UER-2 और ग्रीनफील्ड हाईवे जुडने से अब चंडीगढ़-हरियाणा से दिल्ली पहुंचना होगा आसान 

UER-2 Greenfield Highway : दिल्ली आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। बड़वासनी के पास ग्रीनफील्ड हाईवे (Greenfield Highway) और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-2) को जोड़ने वाला नया फ्लाईओवर अब यातायात के लिए खोल दिया गया है। इससे एनएच-44, ग्रीनफील्ड हाईवे और UER-2 के बीच सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है, जिससे दिल्ली, चंडीगढ़ और जींद के बीच सफर पहले से कहीं अधिक आसान हो जाएगा।

अब बचेगा करीब एक घंटे का समय

नए फ्लाईओवर के शुरू होने से चंडीगढ़ और जींद की ओर से दिल्ली आने वाले वाहन  का करीब एक घंटे का सफर कम हो जाएगा। पहले गोहाना की तरफ से आने वाले वाहनों को लंबा चक्कर लगाकर नीचे बने रास्ते से गुजरना पड़ता था, जिससे समय के साथ जाम की समस्या भी बनी रहती थी।

जाम से मिलेगी राहत

ग्रीनफील्ड हाईवे से सोनीपत की तरफ आने वाले वाहनों को भी पहले नीचे से होकर गुजरना पड़ता था। इससे बड़वासनी के पास अक्सर ट्रैफिक जाम लग जाता था। अब फ्लाईओवर खुलने के बाद वाहन सीधे अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे और यातायात अधिक सुगम होगा।

दिल्ली का सबसे छोटा मार्ग बना

बड़वासनी के पास मिली इस नई कनेक्टिविटी से एनएच-44, ग्रीनफील्ड हाईवे और UER-2 पूरी तरह आपस में जुड़ गए हैं। इससे चंडीगढ़ और जींद की ओर से आने वाले लोगों के लिए यह दिल्ली पहुंचने का सबसे छोटा और तेज मार्ग बन गया है।

सवा घंटे में पूरा होगा सोनीपत-जींद का सफर

ग्रीनफील्ड राष्ट्रीय राजमार्ग-352ए की कुल लंबाई करीब 80 किलोमीटर है। इस परियोजना पर एनएचएआई ने दो चरणों में लगभग 1,380 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
पहले जहां सोनीपत से जींद पहुंचने में करीब 2 घंटे या उससे अधिक समय लगता था, वहीं अब नए फ्लाईओवर और हाईवे की मदद से यह सफर करीब सवा घंटे में पूरा किया जा सकेगा।

एनएचएआई (NHAI) ने क्या कहा?

एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर भुवनेश कुमार के अनुसार, UER-2 और ग्रीनफील्ड हाईवे को जोड़ने वाले फ्लाईओवर का निर्माण पूरा होने के बाद इसे यातायात के लिए खोल दिया गया है। इससे दिल्ली, चंडीगढ़ और जींद के बीच यात्रा करने वाले लोगों को समय की बचत के साथ ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News