रेलवे का बड़ा तोहफा ! 410 KM नई रेल लाइन को मिली मंजूरी, 6448 गांवों को मिलेगा बड़ा फायदा
Udaipur Times, New Delhi : रेलवे से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। केंद्रीय मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति ने बुधवार को रेलवे की चार मल्टी-ट्रैकिंग परियोजनाओं को मंजूरी दी। इन पर करीब 9,450 करोड़ रुपए खर्च होंगे। परियोजनाओं से पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के 8 जिलों में रेलवे की क्षमता बढ़ेगी।
इन चार परियोजनाओं के तहत करीब 410 किमी नई रेल लाइनें जोड़ी जाएंगी। इससे करीब 6,448 गांवों की रेल कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इन गांवों में करीब 60 लाख लोग रहते हैं। रेलवे के मुताबिक, रेल परिवहन बढ़ने से सड़क मार्ग पर ईधन की खपत कम होगी। इससे करीब 13 करोड़ लीटर तेल की बचत और करीब 65 करोड़ किलोग्राम कार्बन उत्सर्जन में कमी आने का अनुमान है।
ये 4 परियोजनाएं शामिल
खड़गपुर-भद्रक (रानीताल) चौथी लाइन: 173 किमी, पश्चिम बंगाल और ओडिशा।
भद्रक-हरिदासपुर चौथी लाइन: 75 किमी, ओडिशा।
गुम्मिडिपूंडी-गुड्डूर तीसरी और चौथी लाइन: 90 किमी, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु।
कटक-पारादीप (बड़बांधा) तीसरी और चौथी लाइन: 72 किमी, ओडिशा।
इन परियोजनाओं से ट्रेनों की आवाजाही आसान होगी। भीड़ कम होगी और रेलवे की परिचालन क्षमता बढ़ेगी। परियोजनाओं को पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाएगा।
