कल 19 नवंबर को यहां लगेगा रोजगार मेला, युवाओं को नौकरी पाने का सुनहरा मौका
Udaipur Times, Rojgar Mela : नौकरी की तलाश कर रहे बेरोजगार युवाओं के लिए अच्छी खबर है। 10वीं पास से लेकर आईटीआई, डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर डिग्रीधारक युवाओं को एक ही जगह नौकरी पाने का मौका मिलने जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, सेवायोजन विभाग की ओर से 19 नवंबर को देहरादून में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इसमें देश की 17 कंपनियां करीब 1200 पदों पर भर्ती करेंगी। रोजगार मेले में सुरक्षा गार्ड से लेकर इंजीनियरिंग, मशीन ऑपरेटर, बैंकिंग, सेल्स, मार्केटिंग और अस्पतालों तक में नौकरी के अवसर उपलब्ध होंगे।
इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए पद उपलब्ध रहेंगे। न्यूनतम योग्यता 10वीं पास से लेकर बीटेक, बीएससी नर्सिंग और अन्य तकनीकी व व्यावसायिक डिग्रियों तक निर्धारित की गई है। जानकारी के मुताबिक, पदों के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को 13,500 रुपये से लेकर 32 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिल सकता है। इससे तकनीकी क्षेत्र के साथ ही गैर तकनीकी और सेवा क्षेत्र में नौकरी तलाश रहे युवाओं को भी अवसर मिलेगा।
मिली जानकारी के अनुसार, तकनीकी ट्रेड में प्रशिक्षण लेने वाले युवाओं के लिए हीरो मोटर हरिद्वार में सबसे अधिक 250 पदों पर भर्ती करेगी। यहां मशीनिस्ट, इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिक, वेल्डर, फिटर, पेंटर समेत अन्य तकनीकी ट्रेड के अभ्यर्थियों को मौका मिलेगा। इसके अलावा एस्टमैन में 100 से अधिक, टाटा मोटर में 30, आईपीसीए में 30, आईटीसी में 22, मुनजल शोवा में 12 और टीआई मेडिकल में 10 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।
इसके अलावा, सुरक्षा क्षेत्र में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर रहेंगे। जी-फोर एस सिक्योर सॉल्यूशन में 200 और क्यू प्लस सिक्योरिटी सर्विसेज में 100 पदों पर सुरक्षा गार्ड और सुपरवाइजर की भर्ती होगी। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। यानी कम शैक्षिक योग्यता वाले युवाओं को भी रोजगार मेले में अपनी योग्यता के अनुसार नौकरी पाने का अवसर मिलेगा।
कार्यालयी कामकाज, बैंकिंग, सेल्स और मार्केटिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के लिए भी कई कंपनियां भर्ती करेंगी। टैलेंट एक्सपर्ट सॉल्यूशन में 150, आईएसओएन बीपीओ में 100 से अधिक, उत्कर्ष स्मॉल बैंक में 50, पेटीएम में 50, बजाज कैपिटल में 26, स्काई विंग्स एडवाइजर में 10 और नुमैक्स में 50 पद प्रस्तावित हैं।
इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में नौकरी तलाश रहे अभ्यर्थियों के लिए आरजी स्टोन हॉस्पिटल में स्टाफ नर्स और इलेक्ट्रिशियन के 10 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है।