हाईकोर्ट का बड़ा फैसला ! जमीन अधिग्रहण और मुआवजा मिलने के बाद खत्म हो जाता है पूराने मालिक का हक, फिर नहीं मांग सकता वापिस
Udaipur Times, Highcourt Order : जमीन मालिकों के लिए बड़ी खबर आई है। जानकारी के लिए आपको बता दें की सांवेर तहसील के ग्राम मांगलिया में स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया (सेल) के लिए अधिग्रहित 10.90 हेक्टेयर (करीब 26.93 एकड़) जमीन वापस लेने की मांग करने वाले किसानों को हाई कोर्ट से झटका लगा है।
मिली जानकारी के अनुसार, हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ ने जमीन लौटाने की मांग वाली दो याचिकाएं खारिज कर दी हैं। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि एक बार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने और मुआवजा मिलने के बाद पुराने भू-स्वामियों का जमीन पर मालिकाना हक समाप्त हो जाता है।
बाद में अधिग्रहित जमीन का उपयोग मूल उद्देश्य के लिए नहीं होने या उसे बेच दिए जाने से पुराने मालिकों को जमीन वापस मांगने का अधिकार नहीं मिल जाता।
जानकारी के मुताबिक, जस्टिस संदीप एन. भट्ट ने उर्मिला, शकुंतला बाई व अन्य की याचिकाओं पर यह फैसला सुनाया। कोर्ट ने कहा कि मामले में अधिग्रहण की प्रक्रिया का पालन किया गया था और किसानों को 1992-94 के दौरान मुआवजा भी दिया जा चुका था।
इसलिए इतने वर्षों बाद जमीन वापस मांगने का कोई वैधानिक आधार नहीं है।
मामले के अनुसार, सेल ने इंदौर में रेलवे सुविधा के साथ स्टील स्टॉकयार्ड बनाने के लिए जनवरी 1992 में राज्य सरकार से जमीन अधिग्रहण का प्रस्ताव दिया था। ग्राम मांगलिया की 10.90 हेक्टेयर जमीन के अधिग्रहण की अधिसूचना 27 मार्च 1992 को जारी हुई और 15 जुलाई 1994 को मुआवजा अवॉर्ड पारित किया गया।
जानकारी के अनुसार, किसानों को मुआवजा देने के बाद जमीन का कब्जा सेल को सौंप दिया गया था। बाद में आर्थिक परिस्थितियां बदलने से स्टॉकयार्ड परियोजना व्यावहारिक नहीं रह गई। सेल ने जमीन बेचने की प्रक्रिया शुरू की। वर्ष 2003 में देवास उद्योग की बोली स्वीकार कर 27 एकड़ जमीन के लिए 1.78 करोड़ रुपए में विक्रय अनुबंध किया गया।
इसके बाद 5 अक्टूबर 2021 को संजय सोमानी के व्यक्तिगत नाम पर विक्रय पत्र पंजीकृत किया गया। किसानों ने इस बिक्री को गलत बताते हुए जमीन वापस करने और विक्रय पत्र निरस्त करने की मांग की थी। उनका तर्क था कि जमीन सार्वजनिक उद्देश्य के लिए ली गई थी, इसलिए उसका निजी व्यक्ति को हस्तांतरण नहीं किया जा सकता।
कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि 2013 के भूमि अधिग्रहण कानून की धारा 101 का लाभ इस मामले में नहीं मिलेगा।