हरियाणा में यहां बसाया जाएगा आधुनिक मेट्रोपॉलिटन शहर, कई गांवों की 1000 एकड़ में बनेंगे 7 नए सेक्टर

 | 
हरियाणा में यहां बसाया जाएगा आधुनिक मेट्रोपॉलिटन शहर, कई गांवों की 1000 एकड़ में बनेंगे 7 नए सेक्टर

Udaipur Times, Haryana News : हरियाणा सरकार ने अंबाला कैंट के शहरी विकास की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। राज्य सरकार ने अंबाला कैंट को आधुनिक मेट्रोपॉलिटन शहर (metropolitan city) के रूप में विकसित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस परियोजना के तहत करीब 1000 एकड़ भूमि पर सात नए सेक्टर विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मंजूरी के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने इस महत्वाकांक्षी योजना पर काम शुरू कर दिया है।

इन गांवों की भूमि पर होगा विस्तार 

नई योजना के तहत सेक्टर-27, 28, 36, 40, 40-ए, 41-ए और 42 विकसित किए जाएंगे। ये सेक्टर घसीटपुर, बुहावा, शाहपुर, ब्राह्मण माजरा, कर्दान, सरसेहड़ी, चांदपुरा, मच्छौंडा, उगाड़ा, दुखेड़ी, सालारहेड़ी, रणवाला, मंगलेई और संभालखा समेत कई गांवों की भूमि पर बसाए जाएंगे।

पूरा विकास अंबाला रिंग रोड से जुड़ा होगा

यह पूरा विकास अंबाला रिंग रोड से जुड़ा होगा, जिससे शहर की कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को नई मजबूती मिलेगी। सरकार बिजली आपूर्ति मजबूत करने के लिए 38 करोड़ रुपये की परियोजना पर भी काम कर रही है। इसके तहत नए फीडर और शाहपुर-मच्छौंडा के पास सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा।

भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए ई-भूमि पोर्टल भी खोला गया है, जहां किसान और भूमि मालिक स्वेच्छा से अपनी जमीन सेक्टर विकास के लिए उपलब्ध करा सकते हैं।

औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका

इसके अलावा, प्रस्तावित 2600 एकड़ के साहा इंडस्ट्रियल एरिया और लॉजिस्टिक पार्क तथा रेलवे फ्रेट टर्मिनल के साथ यह परियोजना अंबाला को उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

शहर में जीटी रोड पर करीब 36 करोड़ रुपये की लागत से आर्यभट्ट रीजनल साइंस सेंटर भी बनाया जा रहा है। इसमें वर्चुअल साइंस गैलरी और लाइव वेदर डिस्प्ले जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी, जिससे यह छात्रों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से रिहायशी, व्यावसायिक और औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निर्माण, सेवा और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

Follow UdaipurTimes on Facebook , Instagram , and Google News