यहां बनने जा रहा मल्टी-मॉडल लॉजिटिक्स और ट्रांसपोर्ट हब, स्थानीय युवाओं को बड़े पैमाने पर मिलेगा रोजगार
Udaipur Times, Logistics and transport hub : ग्रेटर नोएडा में विकास कार्यों को नई गति मिलने वाली है। लंबे समय से प्रतीक्षित मल्टी-मॉडल ट्रांसपोर्ट हब (MMTH) और मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स हब (MMLH) के लिए जमीन से जुड़ी बाधाएं अब दूर की जा रही हैं।
गांवों में विशेष कैंप हो रहे हैं आयोजित
मुआवजे की दरों में बढ़ोतरी के बाद, अथॉरिटी ने सीधे जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। अथॉरिटी की टीमें सीधे गांवों में जाकर किसानों से बातचीत करेंगी और आपसी सहमति के आधार पर बिक्री विलेख (सेल डीड) निष्पादित करेंगी। पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए गांवों में विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम के अनुसार, पहली टीम 16, 17 और 18 सितंबर को बील अकबरपुर, चमरावली रामगढ़ और चितेहरा गांवों में कैंप आयोजित करेगी।
प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे
दूसरी टीम 16, 17, 18 और 21 सितंबर को दातावली, हजरतपुर, चमरावली बोदाकी और पल्ला गांवों में किसानों के साथ चर्चा करेगी और जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करेगी। प्रशासनिक और अथॉरिटी के अधिकारी मौके पर मौजूद रहेंगे। इन दो मेगा-प्रोजेक्ट्स के साकार होने से दिल्ली-NCR क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिलेगी।
स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर पैदा होंगे
लॉजिस्टिक्स हब की स्थापना से वेयरहाउसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और सप्लाई चेन सेक्टर में भारी निवेश आकर्षित होगा। इससे स्थानीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोज़गार के अवसर पैदा होंगे। अथॉरिटी का कहना है कि किसानों के सहयोग से ज़मीन अधिग्रहण के बाद निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी, जिससे ग्रेटर नोएडा उत्तर भारत में एक प्रमुख आर्थिक केंद्र के रूप में उभर सकेगा।